रांची: रांची नगर निगम ने शुक्रवार को तीन खबरें शेयर की है। जिसमें स्वनिधि महोत्सव, अधिग्रहित भूमि का ब्योरा संकलित करने का आदेश और स्वीकृत नक्शे के विरुद्ध निर्माण पर कार्रवाई करने की जानकारी दी गई है।

स्वनिधि महोत्सव
पीएम स्वनिधि योजना से जुड़े पथ विक्रेताओं की सफलता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रांची नगर निगम ने शुक्रवार को शहर के चार प्रमुख स्थानों पर स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया। यह कार्यक्रम चिल्ड्रन पार्क मोरहाबादी, बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, पटेल पार्क और डोरंडा स्थित श्री कृष्णा पार्क में आयोजित किया गया।

महोत्सव के दौरान स्थानीय स्ट्रीट वेंडर्स के संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा की गईं। योजना का लाभ लेकर अपना कारोबार आगे बढ़ाने वाले उत्कृष्ट महिला और पुरुष पथ विक्रेताओं को सम्मानित किया गया, जबकि कई लाभार्थियों के बीच चेक का वितरण भी किया गया। आयोजन को अधिक सहभागी बनाने के लिए पथ विक्रेताओं और उनके बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं भी कराई गईं, जिनमें बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में संबंधित क्षेत्रों के वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, डे-एनयूएलएम शाखा के नगर अभियान प्रबंधक, सामुदायिक संगठनकर्ता और सीआरपी मौजूद रहे।
अधिग्रहित भूमि का ब्योरा संकलित करने का निर्देश
शहरी प्रबंधन को बेहतर बनाने और समग्र विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रांची नगर निगम ने भूमि अधिग्रहण से जुड़ा विस्तृत ब्योरा जुटाने का निर्देश दिया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में शुक्रवार को भू-संपदा शाखा और एलआरडीसी के साथ हुई बैठक में उन्होंने लैंड एक्विजिशन ऑफिसर से समन्वय कर अब तक अधिग्रहित भूमि के अभिलेख व विवरण उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जमीन की मौजूदा स्थिति, उपलब्धता और उपयोगिता का सही आकलन हो सके।
बैठक में यह बात भी सामने आई कि निगम के पास फिलहाल ऐसी जमीनों की समेकित सूची नहीं है जिनकी खरीद-बिक्री कानूनी रूप से प्रतिबंधित है। इस पर नगर आयुक्त ने एलआरडीसी को गैर-हस्तांतरणीय और प्रतिबंधित श्रेणी की भूमि की सूची व संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वामित्व और रिकॉर्ड स्पष्ट रहने से निगम की संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित होगा और रिम्स की जमीन से जुड़े मामले जैसी स्थिति दोबारा नहीं आएगी।
नगर आयुक्त ने सड़क चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित भूमि तथा गिफ्ट डीड के माध्यम से निगम को मिली संपत्तियों को चिह्नित कर अतिक्रमण मुक्त कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि अभिलेखों के व्यवस्थित संकलन, सत्यापन, ड्रोन मैपिंग और अद्यतन जानकारी तैयार करने को कहा, ताकि जनहित व शहरी विकास में इनका समुचित उपयोग हो सके। बैठक में उप नगर आयुक्त रवींद्र कुमार, एलआरडीसी मुकेश कुमार, नगर प्रबंधक और भू-संपदा शाखा के कर्मी उपस्थित थे।
स्वीकृत नक्शे के विरुद्ध निर्माण पर कार्रवाई )
स्वीकृत भवन प्लान के विपरीत निर्माण कार्य करने वालों के खिलाफ रांची नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बरियातू मुख्य मार्ग स्थित एक भवन स्वामी को नोटिस जारी किया है और निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने का आदेश दिया है। निगम की नगर निवेशक शाखा द्वारा किए गए स्थल निरीक्षण के दौरान निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि बरियातू रोड पर एमएमसीसी हॉस्पिटल के बगल और आलम हॉस्पिटल के सामने स्थित भवन के लिए बी+जी+4 का नक्शा स्वीकृत कराया गया था, जबकि मौके पर बी+जी+6 तक निर्माण कर लिया गया है। इसके अलावा अनिवार्य सेटबैक, गिफ्ट डीड और पार्किंग की व्यवस्था भी नहीं मिली, जिसे झारखंड भवन उपविधि-2016 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने शुक्रवार को संबंधित भवन पर नोटिस चस्पा कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या अनियमितता की पुष्टि होने पर अवैध निर्माण हटाने और भवन को सील करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
