रांची: झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय राय ने राज्य के 80 मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शिक्षकों की कमी और गिरते परीक्षा परिणामों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने केवल स्कूलों के नाम बदलकर और भवनों को संवारकर प्रचार का माध्यम तैयार किया है, जबकि धरातल पर पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। 2025 के परीक्षा परिणामों का हवाला देते हुए अजय राय ने कहा कि इन उत्कृष्ट विद्यालयों में कक्षा 10वीं का परिणाम लगभग 66.34 प्रतिशत और 12वीं विज्ञान संकाय का परिणाम 61.85 प्रतिशत रहना व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करता है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा विभाग स्वयं मुख्यमंत्री के पास होने के बावजूद रिक्त पदों को भरने में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है, जिससे अभिभावकों का सरकारी शिक्षा से भरोसा उठ रहा है और वे मजबूरन महंगे निजी स्कूलों की ओर रुख कर रहे हैं। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन ने सरकार से मांग की है कि सभी 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में विषयवार रिक्त पदों का विवरण और शिक्षक नियुक्ति की स्पष्ट समयसीमा सार्वजनिक की जाए। इसके साथ ही, विद्यालयवार शैक्षणिक समीक्षा रिपोर्ट जारी कर कमजोर प्रदर्शन के लिए जवाबदेही तय करने की अपील की गई है, अन्यथा एसोसिएशन ने इस मुद्दे पर राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।