*राज्य स्तर पर प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों के अनुरूप जिले में आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम*

*15 नवंबर को RUN FOR CLEANLINESS/RUN FOR विकसित झारखंड का होगा आयोजन*

*17 से 24 नवंबर तक पंचायत से जिला स्तर तक खेल-कूद एवं विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी*

आगामी 15 नवंबर 2026 को झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने राज्य सरकार द्वारा झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य स्तर पर प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी संबंधित पदाधिकारियों को दी। उन्होंने निर्देशित किया कि राज्य स्तर पर निर्धारित कार्यक्रमों के अनुरूप जिले में भी सभी गतिविधियों एवं आयोजनों को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।

बैठक में बताया गया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में 15 नवंबर 2026 को प्रातः 7-8 बजे शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में RUN FOR CLEANLINESS (स्वच्छता)/RUN FOR विकसित झारखंड कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत एक छठ घाट से दूसरे छठ घाट तक जाकर छठ घाटों में साफ-सफाई करने का निर्देश दिया गया। यहीं से स्थापना दिवस पखवारा भी शुरू हो जायगा। स्वच्छता एवं विकास के प्रति जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से दौड़ का आयोजन किया जाएगा। शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया जाएगा।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

*17 से 24 नवंबर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन*

बैठक में दिनांक 17 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक पंचायत स्तर से जिला स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान खेल-कूद, कला-संस्कृति एवं लेखन/निबंध/क्विज सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

उपायुक्त ने निर्देशित किया कि पंचायत एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभागिता के लिए तैयार किया जाए। साथ ही 24 नवंबर 2026 को जिला स्तर पर कृषि मेला, ग्रामीण विकास से संबंधित गतिविधियां, Best पंचायत का चयन, नशामुक्ति एवं JSLPS के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

*26 एवं 27 नवंबर को खेल गांव, रांची में राज्य स्तरीय कार्यक्रम*

बैठक में बताया गया कि दिनांक 26 एवं 27 नवंबर 2026 को राज्य स्तर पर खेल गांव, रांची में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में दिनांक 17 नवंबर से 24 नवंबर तक जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागी सहभागिता करेंगे। उपायुक्त ने लातेहार जिले की सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारी करने का निर्देश दिया।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान जिले के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से लातेहार जिले की विशेषताओं, उपलब्धियों एवं विकास गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें One District One Product, One District One Destination एवं One District One Economic Activity सहित विभिन्न विभागों की गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग, स्पोर्ट्स, आईटीआई, नावार्ड, नवाचार, वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा भी अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि स्टॉलों एवं प्रदर्शनी के लिए आवश्यक सामग्री, उत्पाद, उपकरण एवं अन्य तैयारियां ससमय सुनिश्चित करें, ताकि लातेहार जिले की पहचान एवं उपलब्धियों का प्रभावी प्रदर्शन किया जा सके।

*28 नवंबर को सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर होगा वृहद कार्यक्रम*

दिनांक-28.11.2026 को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में खेल गांव रांची में वृहत कार्यक्रम का आयोजन किया जायगा।
इस अवसर पर विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न योजनाओं से संबंधित परिसंपत्तियों एवं पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं उपलब्धियों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं तथा कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें।

उपायुक्त ने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम जिले के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए कार्यक्रमों की तैयारी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।


उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रमों के आयोजन में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा सभी गतिविधियों का सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय आयोजन किया जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी जुड़े थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *