आगामी छठ महापर्व को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ एवं नगर निकाय के पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने छठ घाटों पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए प्रमुख घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा, प्रकाश, गहरे पानी वाले स्थानों पर डेप्थ मार्किंग तथा स्थानीय गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ छठ पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर बल दिया।

वीसी के पश्चात उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस क्रम में सिंगरा स्थित अमानत नदी तट, टाउन हॉल के समीप कोयल नदी तट एवं पम्पूकल नदी तट का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पानी में बैरिकेडिंग, ट्रैफिक प्रबंधन, वाहन पार्किंग तथा छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधाओं का निरीक्षण किया। पम्पूकल नदी तट के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्थानीय ग्रामीणों से नदी में पानी की गहराई की जानकारी ली। कुछ स्थानों पर छह फीट से अधिक गहराई होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने ऐसे सभी स्थलों को चिन्हित कर रेडियमयुक्त सूचना बोर्ड लगाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को गहरे पानी वाले स्थानों की जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी छठ घाटों पर पर्याप्त संख्या में बोट एवं टायर उपलब्ध रखने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त रंजीत लाल, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर एसडीओ संजय पांडेय, सदर सीओ सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *