जिला दंडाधिकारी-सह- उपायुक्त  दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण, प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, छात्रावास, आवासीय विद्यालय सहित अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के कल्याण से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गयी। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) के तहत मल्टी पर्पस सेंटर (MPC) के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गयी।

*साइकिल वितरण एवं रख-रखाव पर विशेष जोर*

साइकिल वितरण योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त श्री शेखावत ने निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कक्षा आठवीं के पात्र छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण की प्रक्रिया में तेजी लायी जाये। उन्होंने शेष लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर साइकिल उपलब्ध कराने की बात  कही साथ ही वितरित साइकिलों के सुरक्षित रख-रखाव के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि वे खुले में पड़े रहने के कारण बारिश, धूप अथवा अन्य प्रतिकूल परिस्थितियों से क्षतिग्रस्त न हों।

*छात्रवृत्ति भुगतान में अनावश्यक विलंब नहीं हो*

छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवेदनों के सत्यापन एवं भुगतान की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप पूरी करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। इसके लिए लंबित आवेदनों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

*अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा*

बैठक में धार्मिक स्थलों की चहारदीवारी निर्माण, आदिवासी कला-संस्कृति भवन, छात्रावास, आवासीय विद्यालय समेत विभाग की अन्य योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गयी।उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान करते हुए कार्यों को गति देने तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

*पीएम जनमन के कार्य समय पर पूरे करने का निर्देश*

प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान के अंतर्गत मल्टी पर्पस सेंटर के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि कल्याण विभाग की योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों को शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं और विकास के अवसरों से जोड़ना है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति गंभीर रहें तथा यह सुनिश्चित करें कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक समय पर पहुंचे।

बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी प्यारेलाल सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed