पलामू जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को ओरिएंट पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में करीब 200 विद्यार्थियों ने यातायात नियमों के पालन की सामूहिक शपथ ली।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग एवं वाहन चलाते समय मोबाइल के इस्तेमाल से बचने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही ‘गुड सैमेरिटन’ एवं ‘हिट एंड रन’ कानून की जानकारी देते हुए दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करने की अपील की गई।
विद्यार्थियों को ‘दुर्घटना से पहले अपने अपनों को रोकें-टोकें’ का संदेश देते हुए स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में मोटरयान निरीक्षक नीतीश कुमार गुप्ता, आईटी सहायक डब्लू कुमार यादव, रोड इंजीनियरिंग एनालिस्ट मो. अली अंसारी, विद्यालय के निदेशक सुधीर कुमार मेहता सहित शिक्षक उपस्थित रहे।