*राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती दिवस पर बापू वाटिका में अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि।*
*राज्य के विभिन्न जिलों में भी हुए कार्यक्रम*
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इन दोनों महान विभूतियों की जयंती पर झारखंड राज्य के सभी जिलों में जिला मुख्यालय के साथ-साथ प्रखंड, पंचायत एवं गावों में कार्यक्रम आयोजित कर विभूतियों की प्रतिमा व चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। कुछ जिलों में मैराथन दौड़ के साथ स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम की शुरूआत की गई। कई जिलों में स्वच्छता अभियान चलाया गया तो जगहों पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन की प्रस्तुतियां हुई। लोगों ने श्रद्धापूर्वक दोनों महान विभूतियों को याद किया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर राज्य के राजधानी रांची के मोरहाबादी के बापू वाटिका में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पहुंचकर राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस गरिमामयी मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज का ये शुभ अवसर भारत के इतिहास का एक ऐसा दिन है कि जबतक ये देश रहेगा इस दिन को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज देश के दो महान विभूतियों का जयंती दिवस है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हम सभी लोग यहां एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का दुनिया में एक अलग इतिहास रहा है, जहां ऐसे महान विभूतियों ने जन्म लेकर इस देश का मार्गदर्शन किया। आज उनके आदर्शों को कंधे में लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। हमें गर्व है कि ऐसे महान विभूति हमारे बीच रहे और हमेशा वे हमारे दिल में रहेंगे।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि बापू के विचार और उनका जीवन दर्शन युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा। राज्य सरकार बापू के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ संकल्पित है।
इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, सांसद राज्य सभा महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण, प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया। संपूर्ण परिसर बापू के प्रिय भजनों और देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान रहा।
*भाजपा ने गांधी जी और शास्त्री जी को दी श्रद्धांजलि*
भाजपा झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू द्वारा रांची के ओरमांझी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ से सम्मानित महान स्वतंत्रता सेनानी लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से राष्ट्र को नई दिशा दी। वहीं लाल बहादुर शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। राष्ट्र निर्माण में उनका अतुलनीय योगदान और त्याग, देशवासियों के लिए हमेशा सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश, राज्य और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस दौरान पूर्व सांसद रामटहल चौधरी सहित रांची पूर्वी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।