*मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित…*

*मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा, फॉर्म-6, 6A, 7 एवं 8 तथा नोटिसों की सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन की ली गई जानकारी…*

गिरिडीह के समाहरणालय सभागार में आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के. रवि कुमार की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में SIR के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। बैठक के दौरान फॉर्म-6, फॉर्म-6A, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 से संबंधित अद्यतन प्रगति की विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा की गई।

मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, प्रविष्टियों में सुधार तथा अन्य संबंधित प्रक्रियाओं के लिए प्राप्त आवेदनों की स्थिति, उनके सत्यापन, प्रसंस्करण एवं लंबित मामलों की जानकारी ली गई। उपलब्ध प्रगति के अनुसार 05 अगस्त 2026 से 29 सितंबर 2026 तक जिले में फॉर्म-6 के कुल 49,612 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं दावा एवं आपत्ति से संबंधित फॉर्म-7 के कुल 569 आवेदन तथा फॉर्म-8 के कुल 55,626 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बैठक में इन आवेदनों के निष्पादन की स्थिति एवं लंबित मामलों के कारणों की भी समीक्षा की गई।

*दावा-आपत्ति एवं SIR नोटिस की सुनवाई की समीक्षा…*

बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में SIR के तहत मतदाताओं को प्राप्त हो रहे नोटिसों की सुनवाई एवं संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों से विधानसभा क्षेत्रवार सुनवाई, दस्तावेजों के सत्यापन तथा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि SIR के तहत प्राप्त नोटिसों के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुनवाई एवं दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक कठिनाई न हो तथा प्रत्येक मामले में उपलब्ध अभिलेखों एवं दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

*30 सितंबर अंतिम तिथि, समयबद्ध कार्रवाई पर जोर…*

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधारने अथवा हटाने से संबंधित फॉर्म-6, 6A, 7 एवं 8 भरने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। इस क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं दावा-आपत्तियों की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में आवश्यक तेजी लाने को कहा गया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि SIR-2026 के तहत संचालित सभी गतिविधियों में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से आवेदनों के सत्यापन, नोटिस की सुनवाई, दस्तावेजों की जांच एवं मतदाता सूची में आवश्यक प्रविष्टियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाना है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, सभी निर्वाची पदाधिकारी, सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ईसाई मिशनरी द्वारा संचालित अनाथालय ‘प्रेमदान’ पहुंचे। यहां उन्होंने निवास कर रही महिलाओं एवं सेविकाओं से SIR के तहत फॉर्म भरने एवं मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली। उन्होंने संस्थान में रह रहे बच्चों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चों की पहचान एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रिया को नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में पात्रता प्राप्त करने पर उन्हें आवश्यक नागरिक एवं निर्वाचन संबंधी सुविधाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे संस्थानों में रहने वाले लोगों की दस्तावेज संबंधी समस्याओं की पहचान कर नियमों के अनुरूप आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR की प्रक्रिया में कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी एवं आवश्यक प्रक्रिया के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

*वृद्धाश्रम में बुजुर्गों से संवाद, विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश…*

निरीक्षण के क्रम में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शहर स्थित वृद्धाश्रम भी पहुंचे। वहां रह रहे बुजुर्गों ने उनका स्वागत किया। के. रवि कुमार ने वृद्धजनों से सीधे संवाद करते हुए उनके मतदाता सूची में नाम दर्ज होने एवं उपलब्ध दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी ली। बातचीत के दौरान कुछ बुजुर्गों ने बताया कि घर छोड़कर वृद्धाश्रम में रहने के कारण उनके कई आवश्यक दस्तावेज घर पर ही रह गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की सुविधा के लिए विशेष शिविर आयोजित कर मतदाता सूची एवं पहचान संबंधी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराने की व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *