एसपी कार्यालय सिमडेगा के सभागार में शुक्रवार को पीपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पी.एल.एफ.आई. उग्रवादियों के खिलाफ अदम्य साहस और उत्कृष्ट कार्यकुशलता का प्रदर्शन करने वाले जिला बल के हवलदार अरविन्द मिंज को नवप्रोन्नत प्रा.अ.नि. पद पर पदोन्नति मिलने पर सम्मानित किया गया। एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे ने उनके कंधे पर स्टार लगाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
मामला जलडेगा थाना के बांसजोर ओपी कांड संख्या 25/18, दिनांक 12 मई 2018 से जुड़ा है। सीहरजोर, पहान टोली पहाड़ पर पुलिस और पी.एल.एफ.आई. दस्ते के बीच हुई मुठभेड़ में हवलदार अरविन्द मिंज ने अधिकारियों के साथ अग्रिम मोर्चे पर साहसपूर्वक मुकाबला किया था। मुठभेड़ में कुख्यात उग्रवादी लुथर डांग उर्फ पांडु उर्फ लंबू मारा गया था, जबकि सक्रिय उग्रवादी प्रफुल्ल किस्पोट्टा और प्रमोद लकड़ा को हथियार एवं गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया था।
इस साहसिक कार्रवाई के लिए अरविन्द मिंज को गृह मंत्रालय, भारत सरकार तथा झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा वीरता के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया गया। 31 जुलाई 2026 को आयोजित समिति की अनुशंसा के आधार पर उन्हें घटना की तिथि 12 मई 2018 के प्रभाव से गैलेंट्री प्रमोशन दिया गया है।
एसपी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जिला बल के अन्य जवानों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में एसडीपीओ, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, परिचारी प्रवर, पुलिस निरीक्षक, थाना/ओपी प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।