जन समाधान दिवस में आमजनों द्वारा रखी गई समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को आयोजित जन समाधान दिवस में लेस्लीगंज प्रखंड के ढेला ग्राम से आए ओम प्रजापति, महेंद्र रजक समेत अन्य ग्रामीणों ने उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष आवेदन देकर गांव में खराब पड़े तीन चापाकलों की समस्या से अवगत कराया था।
ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से तीनों चापाकल खराब पड़े हैं, जिसके कारण गांव की बड़ी आबादी को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से खराब चापाकलों को दुरुस्त कराते हुए पेयजल की समस्या का समाधान कराने का अनुरोध किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने ग्रामीणों को शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
इसके बाद शुक्रवार को पेयजल विभाग की टीम दल-बल के साथ ढेला गांव पहुंची और खराब पड़े चापाकलों को दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी।