मोरहाबादी मैदान, राँची में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक झारखंड IAS ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (JIASOWA) द्वारा आयोजित दीपावली मेला 2026 में सरकारी एवं निजी विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। मेले के दौरान बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से चित्रांकन, फैंसी ड्रेस, नृत्य सहित कई रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि राँची जिले के सरकारी विद्यालयों के बच्चों ने लगभग सभी प्रमुख प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, कला एवं आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न पुरस्कार अपने नाम किए।

चित्रांकन प्रतियोगिता में नामकुम मॉडल स्कूल की छात्रा ने 12–15 वर्ष आयु वर्ग में तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर सरकारी विद्यालयों का गौरव बढ़ाया।

नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय मध्य विद्यालय नवीन अरक्षी के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार हासिल किए। बच्चों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

वहीं, 1 नवंबर को आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में राँची के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के लगभग 20 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बच्चों ने बॉलीवुड, झारखंड की जनजातीय विरासत एवं महान विभूतियों के विभिन्न रूपों को जीवंत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इस प्रतियोगिता में 7–9 वर्ष आयु वर्ग में GMS नवीन अरक्षी के अमृत कुमार ने फिल्म ‘भूल भुलैया’ के छोटा पंडित के रूप में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। इसी आयु वर्ग में माही कुमारी ने गब्बर सिंह के रूप में द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। GSS जगन्नाथपुर के अनुज साहू एवं चंदन कुमार ने जय-वीरू की जोड़ी के रूप में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया।

10–15 वर्ष आयु वर्ग में GSS जगन्नाथपुर की बीना कुमारी एवं लक्ष्मी कुमारी ने महान आदिवासी वीरांगनाओं फूलो-झानो मुर्मू के रूप में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। GMS करमटोली के किनू बारला ने धरती आबा बिरसा मुंडा के रूप में द्वितीय पुरस्कार हासिल किया, जबकि GMS नवीन अरक्षी की ईशा उराँव एवं सोनाक्षी कुमारी ने झारखंड की बेटियों के रूप में प्रस्तुति देकर तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया।

इन उपलब्धियों ने एक बार फिर साबित किया कि सरकारी विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है तो बस उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने की।

इस अवसर पर सरकारी विद्यालयों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का इतना सुंदर अवसर प्रदान करने के लिए झारखंड IAS ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (JIASOWA) के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल, रचनात्मकता एवं प्रतिस्पर्धा की सकारात्मक भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सरकारी विद्यालयों के बच्चों की इस उपलब्धि के पीछे शिक्षकों का मार्गदर्शन, विद्यालयों का सहयोग और बच्चों की मेहनत एवं उत्साह भी सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *