धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर से जनजातीय गौरव रथ रवाना किया गया. उपायुक्त संदीप कुमार, परियोजना निदेशक एवं अपर समाहर्ता ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।

यह रथ जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न जनजातीय बहुल गांवों का भ्रमण करेगा। इस दौरान ग्रामीणों को जनजातीय समुदायों के उत्थान, सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनजातीय आबादी तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा 1 से 15 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के साथ जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं की जानकारी देने के साथ कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से भी ग्रामीणों को अवगत कराया जाएगा।

रथ के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जनजातीय समुदायों का सर्वांगीण विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनजातीय परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

मौके पर आईटीडीए निदेशक सरोजनी ऐनी तिर्की, अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन, जिला खेल पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी चंद्र किशोर कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *