रांची: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित होने वाली दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) में सब-इंस्पेक्टर परीक्षा, 2026; दिल्ली पुलिस और CAPF में सब-इंस्पेक्टर परीक्षा, 2025 एवं जूनियर इंजीनियर (दूरसंचार / टेलीकम्युनिकेशन) परीक्षा, 2026 को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आगामी 23 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक रांची के तीन प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में ‘सब-इंस्पेक्टर इन दिल्ली पुलिस एंड सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज एग्जामिनेशन 2025 व 2026’ तथा ‘जूनियर इंजीनियर (टेलीकम्युनिकेशन) एग्जामिनेशन 2026’ का आयोजन किया जा रहा है।

परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के आदेश पर केंद्रों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं, असामाजिक तत्वों द्वारा भीड़ लगाकर व्यवधान उत्पन्न करने की आशंका को देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए तीनों परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा जारी कर दी है। यह निषेधाज्ञा 23 नवंबर से 1 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से रात 9:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निषेधाज्ञा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एक साथ जमा होने, किसी भी तरह की बैठक या आमसभा करने और लाउडस्पीकर (ध्वनि विस्तारक यंत्र) के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र जैसे बंदूक, राइफल, रिवाल्वर, बम-बारूद या पारंपरिक हथियार जैसे लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और भाला लेकर चलने पर भी रोक लगाई गई है। हालांकि, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों व कर्मचारियों और शवयात्रा को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है।

जिन तीन परीक्षा केंद्रों पर यह निषेधाज्ञा लागू की गई है, उनमें कांके आउटर रिंग रोड स्थित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के पास (सुनयना बैंक्वेट हॉल के सामने) ‘कैपस्टोन टेक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर’, दलादली शिव मंदिर के पास स्थित ‘आइडियल इंटरनेशनल स्कूल’ और गारके (रामपुर) स्थित ‘एसडीजेड इन्फोटेक-1’ शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *