जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री की बेटी समेत चार की मौतजमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री की बेटी समेत चार की मौत

जमशेदपुर: शहर के मरीन ड्राइव इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सार्थक, वंशिका, नमन गुप्ता और त्रिसा चौधरी सवार थे। मृतकों में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

गैस कटर से काटकर निकाले गए शव

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे शवों को निकालना मुश्किल हो गया। पुलिस और राहत दल ने काफी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला।

इसके बाद सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने जताया दुख

घटना को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में चार लोगों की जान गई है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी भी शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के पीछे तेज रफ्तार, सड़क पर खड़े ट्रेलर और अन्य परिस्थितियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed