रांची: रांची के सदर अस्पताल सभागार में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय VPD (वैक्सीन से बचाव योग्य बीमारियां) सर्विलांस ट्रांजिशन वर्कशॉप के तीसरे चरण की शुरुआत हो गई है। 25 से 27 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में आठ जिलों के स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मी हिस्सा ले रहे हैं, जबकि इससे पहले 16 जिलों का प्रशिक्षण पूरा किया जा चुका है। इस कार्यशाला का मुख्य मकसद वैक्सीन से रोकी जा सकने वाली बीमारियों की निगरानी प्रणाली को मजबूत करना, जिला स्तर पर क्षमता बढ़ाना और किसी भी बीमारी की समय पर पहचान व नियंत्रण सुनिश्चित करना है। गौरतलब है कि पहले ऐसी बीमारियों की निगरानी और जांच का काम विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) करता था, जिसे अब एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण में रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा और लातेहार के जिला सर्विलांस पदाधिकारी, महामारी विशेषज्ञ, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। कार्यशाला की शुरुआत करते हुए आईडीएसपी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में निगरानी और प्रबंधन से जुड़े कई तकनीकी सत्र होंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि निगरानी और टीकाकरण एक-दूसरे से जुड़े हैं। कई बार टीकाकरण के बावजूद बच्चों में बीमारी के मामले दिखते हैं, जिनके कारणों की जांच के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने प्रत्येक बच्चे को समय पर टीका लगाने, सही रिपोर्टिंग और यू-विन पोर्टल पर समय पर डेटा दर्ज करने पर जोर दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि इस प्रशिक्षण से समयबद्ध रिपोर्टिंग और संभावित प्रकोपों की शीघ्र पहचान व रोकथाम में मदद मिलेगी। राज्य महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण कर्ण ने बताया कि पोलियो, खसरा, रूबेला, डिप्थीरिया, काली खांसी और नवजात टिटनेस जैसी छह बीमारियों की निगरानी और त्वरित कार्रवाई को इससे और मजबूती मिलेगी। वहीं, स्टेट माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. अंजलि सिंह ने जानकारी दी कि जिला स्तर पर प्रयोगशालाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है और जांच के लिए नमूने राज्य के तीन मेडिकल कॉलेजों की स्टेट रेफरल लैब में भेजे जाते हैं। कार्यशाला में क्लिनिकल परीक्षण, स्टूल सैंपल संग्रह, सीआईएफ फॉर्म, वीएसआईएमएस पोर्टल पर डेटा एंट्री, एमआर सर्विलांस, आउटब्रेक इन्वेस्टिगेशन और एक्टिव केस सर्च जैसे विषयों पर तकनीकी जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर निदेशक प्रमुख डॉ. शोभाना टोपनो, सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, डब्ल्यूएचओ व एनसीडीसी के प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह और हैदर अली सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed