नगर विकास विभाग ने रांची नगर निगम को दिए तीन अंतिम यात्रा वाहन 

अलग-अलग जगह पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के बाहर तैनात रहेंगे तीनों वाहन 

विभाग ने पहले भी सदस्य अस्पताल को दिए हैं दो मोक्ष वाहन

रांची: राजधानी में अब अंतिम यात्रा के लिए नगर निगम लोगों को वाहन की सुविधा उपलब्ध कराएगा। नगर विकास विभाग की ओर से रांची नगर निगम को तीन नए ‘अंतिम यात्रा वाहन’ सौंपे गए हैं, जिससे परिजनों को मुक्तिधाम तक पार्थिव शरीर ले जाने में सुविधा होगी। इन तीनों वाहनों को शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ के बाहर तैनात किया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सेवा मिल सके। इससे पहले भी विभाग द्वारा सदर अस्पताल को दो ‘मोक्ष वाहन’ उपलब्ध कराए जा चुके हैं। नगर निगम की इस पहल से आम लोगों को अंतिम संस्कार के समय समय पर और सुलभ परिवहन सुविधा मिल सकेगी।

निगम के हेल्पलाइन नंबर पर मिलेगी सुविधा

रांची नगर निगम के शहरी क्षेत्र में अंतिम यात्रा वाहन सेवा संचालित करने का उद्देश्य दिवंगत नागरिकों के पार्थिव शरीर को उनके घर से श्मशान घाट या कब्रिस्तान तक सम्मानपूर्वक पहुंचाना है। जरूरत के समय परिवारों को शव वाहन के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, इसके लिए निगम ने कंट्रोल रूम और स्मार्ट रांची कनेक्ट सेंटर के टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 अथवा 0651-2200011 पर संपर्क नंबर जारी किया हैं।

अर्बन आरोग्य मंदिरों से मिलेगी सुविधा

नए तीनों वाहनों को अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात करने की योजना है। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्थानीय स्तर पर सेवा उपलब्ध कराने में सहूलियत होगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर के माध्यम से वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। हालांकि, वाहनों के संचालन, बुकिंग की प्रक्रिया, सेवा शुल्क और इनके लिए निर्धारित क्षेत्र को लेकर निगम में प्रक्रिया चल रही है। 

निगम की बैठक के एजेंडे में भी था मामला

रांची नगर निगम के स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण ने बताया कि तीन नए अंतिम यात्रा वाहनों को निगम की बैठक के एजेंडे में भी शामिल किया गया था। अब इस प्रस्ताव को धरातल पर उतारा जा रहा है। नगर विकास विभाग की ओर से वाहन निगम को उपलब्ध करा दिए गए हैं। इन्हें तैनात कर लोगों को सुविधा देने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस संबंध में समुचित जानकारी साझा की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *