रांची: रांची नगर निगम की संपत्तियों की कुर्की को लेकर चल रही खबरों पर निगम प्रशासन ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। निगम ने कहा है कि बुधवार को न्यायालय में अपना पक्ष रखने के बाद कोर्ट ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के लिए समय दिया है। प्रशासन संबंधित दस्तावेजों, कोर्ट के आदेशों और वित्तीय दावों का बारीकी से अध्ययन कर रहा है। निगम ने आम नागरिकों और मीडिया से अपील की है कि जब तक पूरी स्थिति स्पष्ट न हो जाए, किसी भी तरह का भ्रम न फैलाएं। आश्वस्त किया गया है कि न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप ही विधिसम्मत कदम उठाए जाएंगे।
10 दिसंबर तक तैयार होगा आधुनिक ऑटो स्टैंड
शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बुधवार को नागा बाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट के पास बन रहे आधुनिक ऑटो स्टैंड का निरीक्षण किया। लगभग 1.80 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस स्टैंड में 300 से अधिक ऑटो खड़े हो सकेंगे, जिससे रातू रोड चौक और किशोरी यादव चौक पर जाम की समस्या कम होगी। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 10 दिसंबर तक निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कर लें, ताकि नए साल में शहरवासियों को यह सौगात मिल सके। परिसर में आरसीसी कार्य के साथ-साथ यात्री शेड, पेयजल, ड्रेनेज और ऑटो के लिए नंबरिंग की भी व्यवस्था की जा रही है।

स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बनाएंगी बायोडिग्रेडेबल बैग
निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने नागा बाबा सब्जी बाजार में स्थापित बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई का भी जायजा लिया। यहां स्वयं सहायता समूह की 15 महिलाएं प्रति घंटे करीब 40 किलोग्राम पर्यावरण अनुकूल बैग तैयार करेंगी। आयुक्त ने महिलाओं से संवाद कर उन्हें उत्पादन से लेकर मार्केटिंग तक की जिम्मेदारी संभालते हुए सफल उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित किया। इस पहल से बाजार के दुकानदारों और आम लोगों को प्लास्टिक का बेहतर विकल्प मिलेगा और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।