रांची: दीपावली और महापर्व छठ के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग एक्शन मोड में आ गया है। आम लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा और शुद्ध व सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शहर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर बुधवार 4 नवंबर को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने कोकर और बूटी मोड़ स्थित कई प्रमुख मिठाई दुकानों व डेयरी प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया।
यह पूरी कार्रवाई अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में की गई। इस जांच दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नम्रता महतो, मनीषा, रवि हांसदा और सहायक सजल श्रीवास्तव मुख्य रूप से शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों और खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुपालन की गहन जांच की। टीम ने मिलावट की आशंका के आधार पर विभिन्न खाद्य सामग्रियों एवं मिठाइयों के सैंपल एकत्र किए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
निरीक्षण के क्रम में मानकों का उल्लंघन करने और परिसर में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर विभाग ने सख्त रुख अपनाया। नियमों की अनदेखी करने वाले दो प्रमुख प्रतिष्ठानों पर 10-10 हजार रुपये (कुल 20,000 रुपये) का जुर्माना लगाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी व्यापारियों और खाद्य कारोबारियों को सख्त चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिया है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन करें और अपने परिसरों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। अधिकारियों ने साफ किया कि त्योहारों के इस सीजन में मिलावटखोरी या किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि जनस्वास्थ्य के हित में यह विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।