रांची: मानव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आहट के तहत रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने रांची रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए पांच नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित छुड़ाया। साथ ही उन्हें रोजगार का झांसा देकर तमिलनाडु ले जा रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई 26 नवंबर को आरपीएफ पोस्ट रांची, अपराध आसूचना शाखा और डीएनएफ की संयुक्त टीम ने रेल मदद पोर्टल पर मिली शिकायत के बाद की। जिसमें सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस से संदिग्ध रूप से बच्चियों को ले जाने की जानकारी दी गई थी। ट्रेन के दोपहर करीब 12 बजकर 8 मिनट पर रांची स्टेशन पहुंचने के बाद टीम ने पांच नाबालिगों के साथ एक व्यक्ति को देखा और संदेह के आधार पर सभी को पूछताछ के लिए आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया।

पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अपर खुर्द गांव निवासी 41 वर्षीय सुशील कुमार सिंह उर्फ मिंटू सिंह के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह बीते करीब दस साल से तमिलनाडु की एक स्पिनिंग मिल में सुपरवाइजर के तौर पर काम कर रहा है और बच्चियों को वहां नौकरी दिलाने व हर महीने करीब 15 हजार रुपये वेतन का लालच देकर ले जा रहा था, जबकि कंपनी से उसे प्रति व्यक्ति रोजाना 20 रुपये मिलने की बात भी सामने आई है। नाबालिग उम्र और परिस्थितियों को देखते हुए मानव तस्करी व शोषण की आशंका के बीच प्रारंभिक औपचारिकताओं के बाद आरोपी और पांचों बच्चियों को आगे की कार्रवाई के लिए रांची के एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट थाने को सौंप दिया गया।

इस मामले में एएचटीयू थाना में 26 नवंबर को कांड संख्या 14/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों में केस दर्ज किया गया है, जिसकी आगे की जांच एसआई मनोज भगत कर रहे हैं। आरपीएफ ने बताया कि बच्चों व महिलाओं की सुरक्षा और मानव तस्करी रोकने के लिए ऑपरेशन आहट के तहत स्टेशन व ट्रेनों में लगातार निगरानी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *