करम पर्व के अवसर पर झूमर कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे 65 वर्षीय मुंद्रिका यादव कोनार नदी के तेज बहाव में बह गए। वह मंगलवार शाम सीमावर्ती बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गंडके गांव में आयोजित कार्यक्रम देखने गए थे। रातभर कार्यक्रम देखने के बाद बुधवार सुबह नदी के रास्ते जोबेड़ा स्थित अपने घर लौट रहे थे।
नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में बह गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में उनकी खोजबीन की गई। घटना के बाद जोबेड़ा गांव में मातम पसरा है।