*समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं,संबंधित अधिकारियों को जांच कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश*

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने बारी-बारी से सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवेदन अग्रसारित करते हुए नियमानुसार निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समाधान दिवस में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजनों की शिकायतों का समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

जन समाधान दिवस में अवैध एलपीसी जारी किए जाने, भूमि सुधार उप समाहर्ता के आदेश के बावजूद अंचल अधिकारी द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने, अतिक्रमण एवं कब्जा हटाने, जमीन हड़पने के उद्देश्य से जबरन बुनियाद काटने, म्यूटेशन रद्द करवाने,मारपीट एवं रंगदारी मांगने, अबुआ आवास योजना की दूसरी किस्त का भुगतान नहीं होने सहित कई मामलों को लेकर आवेदन प्राप्त हुए।

इसके अतिरिक्त भूमि विवाद, सार्वजनिक रास्ता अवरुद्ध करने, अयोग्य लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने, दाखिल-खारिज, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग, सेविका चयन में अनियमितता, आपूर्ति, पेयजल, शिक्षा एवं कल्याण विभाग से संबंधित शिकायतें भी लोगों ने उपायुक्त के समक्ष रखीं।

मौके पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवेदकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।जन समाधान दिवस में हैदरनगर,लेस्लीगंज, चैनपुर, पांडु, सदर मेदिनीनगर, उंटारी रोड, छतरपुर, पांकी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *