रांची: नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने एक नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को सामने लाने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित मारपीट और प्रताड़ना के आरोपों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस पूरे मामले में झारखंड हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से स्वतः संज्ञान लेने तथा अपनी देखरेख में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सिमडेगा से स्थानीय लोगों के माध्यम से मिली जानकारी बेहद परेशान करने वाली है। आरोपों के मुताबिक, पाकरटांड़ थाना की पुलिस ने अदालत में मनचाहा बयान दिलाने के लिए अभिषेक भारती के साथ कथित तौर पर घंटों मारपीट की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें मिली इन बातों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए सबसे पहले अभिषेक को बेहतर इलाज मिलना चाहिए और उन्हें बिना किसी दबाव के मजिस्ट्रेट के सामने अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए।

बाबूलाल ने कहा कि उन्हें जो विवरण मिला है उसके तहत 26 नवंबर की रात से 27 नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे तक अभिषेक के साथ कथित तौर पर रुक-रुककर मारपीट की गई। आरोप है कि उन्हें औंधे मुंह लिटाकर पीटा गया, तलवों पर लाठियां मारी गईं और उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर प्रताड़ित किया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन पर अदालत में पुलिस के मुताबिक बयान देने का दबाव बनाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि कथित तौर पर प्रताड़ना से तंग आकर अभिषेक ने कहा कि पुलिस जो चाहे लिखवा ले या सादे कागजों पर दस्तखत करा ले, बस मारपीट रोक दे। यदि हिरासत में किसी को इस स्तर तक पहुंचाया गया है, तो उन सभी कागजातों की भी जांच होनी चाहिए जिन पर उनसे हस्ताक्षर करवाए गए।

अदालत में पेशी के दौरान के घटनाक्रम को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। मिली जानकारी का हवाला देते हुए मरांडी ने कहा कि रिमांड के लिए सिमडेगा कोर्ट लाए जाने पर अभिषेक चलने की हालत में नहीं थे और कथित रूप से चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर जज के सामने ले गए, जहां वे बेहोश हो गए। आरोप है कि कोर्ट के निर्देश के बावजूद उन्हें सीधे अस्पताल ले जाने के बजाय पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत में ले जाया गया और स्थिति ज्यादा बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनके अचेत होने की सूचना मिली।

एक अन्य गंभीर आरोप का जिक्र करते हुए कहा कि कोर्ट परिसर में अभिषेक की हालत का मोबाइल से वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को कथित तौर पर टाउन थाने ले जाया गया, उनके फोन अपने पास रखकर करीब चार घंटे तक बैठाए रखा गया और रात में वीडियो डिलीट कराने के बाद छोड़ा गया। उन्होंने मांग की कि उन तीनों पत्रकारों को भी स्वतंत्र रूप से अपना बयान दर्ज कराने का अवसर मिले और यह स्पष्ट किया जाए कि किसके कहने पर वीडियो मिटाए गए।

इस मामले में सिमडेगा के पुलिस अधीक्षक से स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए मरांडी ने पूछा कि हिरासत में लेते वक्त और अदालत में पेश करते वक्त अभिषेक की शारीरिक स्थिति क्या थी, पेशी के बाद उन्हें कहां ले जाया गया और किस समय अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि स्टेशन डायरी, सीसीटीवी फुटेज, कोर्ट के रिकॉर्ड और अस्पताल के रजिस्टर के जरिए समय और तथ्यों के साथ सच्चाई सामने आनी चाहिए।

पाकरटांड़ व टाउन थाने की सीसीटीवी फुटेज, हिरासत व पेशी से जुड़े दस्तावेज, कोर्ट परिसर की फुटेज और सदर अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड को तुरंत सुरक्षित करने की मांग की है। साथ ही स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से चोटों की जांच कराने, डॉक्टरों की अनुमति मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी में अभिषेक का बयान दर्ज करने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि हिरासत में सुरक्षा का भरोसा टूटने पर जवाबदेही तय होनी चाहिए और भाजपा इस तरह की कार्रवाई को स्वीकार नहीं करेगी।

One thought on “भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को हिरासत में यातना देने का आरोप, हाईकोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से स्वतः संज्ञान लेने की अपील ”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed