*राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखण्ड  की ओर से देवघर, बोकारो और पश्चिमी सिंहभूम में लगेगा निःशुल्क हृदय रोग स्क्रीनिंग कैंप*

*हृदय रोग से ग्रसित बच्चों का अमृता अस्पताल कोच्चि में होगी निःशुल्क सर्जरी*

———-

 स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड द्वारा राज्य के बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए एक बड़ी पहल की शुरुआत की गई है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम और देश की प्रतिष्ठित अमृता अस्पताल, कोच्चि के संयुक्त तत्वावधान में देवघर, बोकारो और पश्चिमी सिंहभूम में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष निःशुल्क स्क्रीनिंग एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस महा-अभियान के तहत राज्य के सभी जिलों से अब तक कुल 324 जन्मजात हृदय रोग के लक्षण वाले बच्चों की सूची आरबीएसके कोषांग को प्राप्त हुई है, जिन्हें इस कैंप के माध्यम से स्क्रीनिंग कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष स्क्रीनिंग कैंप का मुख्य उद्देश्य चिन्हित बच्चों की समय पर पूरी जाँच करना और उसके बाद उन्हें अमृता अस्पताल, कोच्चि में पूरी तरह से निःशुल्क उपचार और शल्य चिकित्सा उपलब्ध कराना है।

राज्य मुख्यालय को प्राप्त जिलावार सूची के अनुसार, अब तक चतरा से 32 और पलामू से 26 चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावा गोड्‌डा से 25, लातेहार से 22, पश्चिमी सिंहभूम से 19, पाकुर से 17, गुमला से 16, तथा बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, खूंटी और साहिबगंज से 11-11 बच्चों की सूची प्राप्त हुई है। वहीं रामगढ़ और सरायकेला-खरसावां से 10-10, कोडरमा से 9, दुमका से 7, देवघर से 5, लोहार्दगा और रांची से 4-4, पूर्वी सिंहभूम से 3 तथा सिमडेगा से 1 मरीज की सूची प्राप्त हुई है, जबकि गढ़वा और गिरिडीह से अभी तक कोई सूची प्राप्त नहीं हुई है। इस प्रकार राज्य भर से कुल 324 मरीजों का पंजीकरण हो चुका है।

 इस मेगा कैंप का शेड्यूल भी तय कर दिया गया है, जिसके तहत देवघर एम्स परिसर में दिनांक17 जुलाई 2026 सुबह 09:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक विशेष शिविर लगाया जाएगा। इसके बाद बोकारो जिले में 18 जुलाई 2026 को और पश्चिमी सिंहभूम जिले में 19 जुलाई 2026 को इस शिविर का आयोजन किया जाएगा। कैंप के सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखण्ड के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा  ने एम्स देवघर के निदेशक को पत्र लिखकर परिसर में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं, वेन्यू आवंटन और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही राज्य के सभी सिविल सर्जनों को भी इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

अभियान निदेशक ने बताया कि ग्रामीण और शहरी स्तर पर 0 से 18 वर्ष तक के ऐसे बच्चों की पहचान लगातार की जा रही है जो जन्मजात हृदय रोग से ग्रसित हैं। इसके लिए RBSK की मोबाइल हेल्थ टीमों को अन्य कार्यों से मुक्त रखकर आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों का सघन दौरा करने का जिम्मा सौंपा गया है। ग्रामीण स्तर पर सहिया, सहिया साथी और ए.एन.एम. के माध्यम से ऐसे बच्चों को चिन्हित किया जा रहा है जो खेलते या दौड़ते समय बहुत जल्दी थक जाते हैं, बार-बार निमोनिया से पीड़ित होते हैं या जिनके नाखून और होठ नीले पड़ते हैं। प्राप्त हो चुकी 324 बच्चों की सूची के अलावा, यदि किसी भी क्षेत्र में कोई बच्चे में इस तरह के लक्षण पाए जाते हैं तो अपने नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में सम्पर्क कर सकते हैं। सभी सिविल सर्जन को विस्तृत सूची (बच्चे का नाम, माता-पिता का नाम, आयु, मोबाइल नंबर सहित) आगामी 17 जून 2026 तक अनिवार्य रूप से राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है ताकि एक भी जरूरतमंद बच्चा इस जीवन रक्षक योजना से वंचित न रहे।

इस स्वास्थ्य जाँच कैंप से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी, सहयोग या नाम दर्ज कराने के लिए राज्य स्तर पर संपर्क सूत्र भी जारी किए गए हैं। आम लोग या जनप्रतिनिधि सीधे राज्य स्तर पर स्थापित RBSK कोषांग के श्री मुकेश कुमार से मोबाइल नंबर 7250364329 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा अमृता अस्पताल (कोच्चि) के प्रतिनिधि श्री आदित्य कुमार से भी मोबाइल नंबर 9162999702 पर संपर्क कर विस्तृत समन्वय स्थापित किया जा सकता है। आईइसी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह  ने इस मेगा कैंप को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शत-प्रतिशत सफल बनाने का अनुरोध किया है, ताकि झारखंड के हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर एक नया और सेहतमंद जीवन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की समीक्षा की===========================*मुख्यमंत्री ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में क्रियान्वित की जा रही योजनाओं की प्रगति एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्य योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई अहम दिशा-निर्देश दिए।*===========================*मुख्यमंत्री ने कहा – पेयजल की उपलब्धता जनजीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नही*===========================*★ जल जीवन मिशन योजना को दें गति**★ राज्य के हरेक घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचना प्राथमिकता**★ प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने को लेकर लोगों को करें जागरूक*          *श्री हेमन्त सोरेन, मुख्यमंत्री, झारखण्ड।* ===========================मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों की उपस्थिति में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अद्यतन कार्य प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाते हुए राज्य के प्रत्येक घर में पाइपलाइन एवं नल के जरिए शुद्ध पेयजल पहुँचाने के लक्ष्य को समयबद्धता के साथ पूरा करें। मुख्यमंत्री ने जलापूर्ति व्यवस्थाओं के आवश्यक रख-रखाव और मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल की उपलब्धता जनजीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इन कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल संकट की संभावना वाले क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखी जाए, जहां भी पेयजल की समस्या उत्पन्न हो रही है उन क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां त्वरित कार्रवाई कर आम जनों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाए। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य की जल सहियाओं को समूहवार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में समय-समय पर प्लंबर का वोकेशनल प्रशिक्षण दिलाना सुनिश्चित कराएं। जल सहियाओं को खराब चापकलों को बनाने, सौर ऊर्जा वाटर सप्लाई की देखरेख एवं रख-रखाव की जिम्मेदारी दें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल सहिया के लिए प्रमोशनल कार्यक्रम आयोजित कर अच्छे कार्य करने वाली जल सहियाओं को पुरस्कृत करने का कार्य करें। *रियल टाइम डेटा अपडेट कराएं*मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से निर्माणाधीन योजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि बड़ी योजनाओं के लिए कांट्रैक्टरों का वाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रतिदिन की कार्य प्रगति को अपडेट कराएं और निरंतर इसकी मॉनिटरिंग करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की योजनाएं बहुत ही महत्वपूर्ण है। इन्हें धरातल पर उतारने के लिए प्रभावी कार्य किए जाएं साथ ही हर घर तक पानी पहुंचाने की दिशा में ठोस पहल करें। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि जल जीवन मिशन योजना का एक बेहतर फ्रेमवर्क बनाएं। उन्होंने कहा कि वित्तीय संतुलन के लिए बैकअप प्लान डेवलप कर कार्यों को गति दें। योजनाओं के पूर्ण होने पर शीघ्र यूटिलाइजेशन सर्टिफिकेट प्राप्त करें। वाटर रिचार्ज के लिए सोक-पीट सहित अन्य प्रभावी पहलुओं का आधुनिकीकरण करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्रों में शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत राज्य के शत प्रतिशत ग्रामीण घरों तक दिसम्बर माह 2028 तक पाइपलाइन के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराये जाने के लक्ष्य के साथ विभाग कार्यों को गति प्रदान कर रही है। *जल संचयन, जल संरक्षण तथा भू-जल स्तर को बनाए रखने हेतु प्रभावी अल्पकालिक एवं दीर्घकालिक योजनाएं बनाएं*मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी शहरी क्षेत्रों की तरह बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, इस निमित्त पेयजल आपूर्ति से संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं को गति प्रदान की जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य में जल संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्द्धन पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण तथा भू-जल स्तर को बनाए रखने के लिए प्रभावी एवं दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की जाएं। साथ ही लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान के लिए जवाबदेह व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य का प्रत्येक परिवार सुरक्षित पेयजल एवं बेहतर स्वच्छता सुविधाओं का लाभ प्राप्त करे। इस हेतु पूरी प्रतिबद्धता और बेहतर कार्ययोजना साथ आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।*अनुपयोगी चापकलों के बोरिंग का उपयोग रिचार्ज पीट के रूप में की जाए*मुख्यमंत्री ने भू-जल स्तर गिरने के कारण अनुपयोगी हो चुके चापाकलों के बोरिंग का उपयोग रिचार्ज पीट के रूप में करने का निर्देश दिया, ताकि वर्षा जल का संचयन कर भू-जल स्तर को बढ़ाया जा सके। उन्होंने शॉक पीट बनवाने के लिए भी लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। इस शॉकपीट में बेकार जल (वेस्ट पानी) संचयन का निर्देश दिया, ताकि भू-जल स्तर को बढ़ाने में मदद मिल सके। *स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराएं*मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने राज्य में जल गुणवत्ता की समस्या पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। ऐसे में शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए पाइपलाइन से जल देने के साथ-साथ अन्य ठोस पहल करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्लास्टिक से उत्पन्न होने वाले संकट को लेकर लोगों को जागरूक किया जाए। साथ ही प्लॉस्टिक मुक्त गांव बनाने वालों के प्रयास को सरकार/विभाग के स्तर पर पुरस्कृत करने की बातें कही।  *इन योजनाओं एवं कार्यक्रमों की हुई विस्तृत समीक्षा..*मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने जल जीवन मिशन, जल गुणवत्ता निगरानी एवं अनुश्रवण, जल सहिया को जल जांच हेतू उपलब्ध कराये गये किट, हर घर जल की प्रगति, वित्तीय कार्य योजना एवं प्रगति, बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना, एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना, नलकूप ,कल्याण विभाग मद की योजनाएं तथा  स्वच्छ भारत मिशन की योजनाएं, व्यक्तिगत शौचालय,  ओडीएफ प्लस गांव, ठोस कचरा प्रबंधन, तरल कचरा प्रबंधन, गोबरधन योजना आदि की समीक्षा की तथा इन योजनाओं एवं कार्यक्रमों प्रभावी संचालन को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए*बैठक में राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, विकास आयुक्त श्री अजय कुमार सिंह, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव श्री अबू इमरान, अतिरिक्त सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग श्री शशि रंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।*==========================