मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन सदन में मीडिया के प्रतिनिधियों हेतु आयोजित एक दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम एवं प्रेस वार्ता को किया संबोधित

मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य करेंगे

एक भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से नहीं छूटेगा : के. रवि कुमार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी।

===================

रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया 20 जून से शुरू की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक घर तक संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र के बीएलओ पहुंचकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी निर्वाचन सदन से मीडिया के प्रतिनिधियों हेतु आयोजित एक दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम एवं प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

श्री के रवि कुमार ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के क्रम में 20 जून से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं आवश्यक मुद्रण कार्य किए जाएंगे। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और सत्यापन करेंगे जिसके बाद प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को होगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। नोटिस पीरियड तथा दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 3 अक्टूबर तक चलेगी। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 7 अक्टूबर को किया जाएगा। इस विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए अर्हता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में नए मतदाताओं के आवेदन दावा एवं आपत्तियां दर्ज करने के क्रम में बीएलओ द्वारा घर घर जाकर संकलित किए जाएंगे। जिन मतदाताओं से बीएलओ का संपर्क नहीं हो पाएगा, उनके लिए विशेष कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के सूची से नहीं हटाया जाएगा और लोगों को भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी।

श्री के रवि कुमार ने कहा कि यह प्रक्रिया केवल भारतीय नागरिकों के लिए है और विदेशी नागरिक इसमें शामिल नहीं होंगे। उन्होंने मतदाताओं, कर्मियों, मीडिया के प्रतिनिधियों, सभी मान्यताप्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए, से अपील करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें ताकि राज्य की मतदाता सूची अधिक स्वच्छ समावेशी एवं त्रुटिरहित बन सके।

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, ट्रेनिंग नोडल श्री देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री धीरज ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए डीएसपी स्तर के कई अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में बड़ी संख्या में अधिकारियों को एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस आदेश के बाद कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा। तबादले के बाद कई अधिकारी नए जिलों में पदभार संभालेंगे, जबकि कुछ को विशेष इकाइयों और शाखाओं में जिम्मेदारी दी गई है। इससे संबंधित जिलों में पुलिस कार्यप्रणाली और नेतृत्व स्तर पर बदलाव देखने को मिल सकता है। विभागीय स्तर पर अधिकारियों को जल्द नई जगह योगदान देने का निर्देश दिया गया है। सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय के भीतर नए पदस्थापन स्थल पर योगदान दें। पुलिस महकमे में इस बड़े फेरबदल को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज है।