रांची: रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को निगम की विधि शाखा के पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की। जिसमें लंबित न्यायिक मामलों और विभिन्न विधिक प्रक्रियाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मामलों के समयबद्ध और प्रभावी निपटारे के लिए विधि शाखा में दो अलग-अलग टीमें बनाने का निर्देश दिया। जिनमें से पहली टीम सर्वोच्च न्यायालय व उच्च न्यायालय तथा दूसरी टीम सिविल न्यायालय से जुड़े मामलों का निपटारा देखेगी।
नगर आयुक्त ने विधि सहायकों को ईमेल, डाक व अन्य माध्यमों से आने वाले सभी पत्रों और न्यायिक सूचनाओं की नियमित प्राप्ति, संधारण व अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा ताकि कोई भी मामला या पत्र लंबित न रहे। साथ ही काउंटर एफिडेविट से जुड़े मामलों को बिना अनावश्यक देरी के निपटाने और सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर त्वरित विधिक कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में सहायक नगर आयुक्त, विधि सहायक और विधि शाखा के अन्य कर्मी मौजूद थे।
बढ़ती ठंड के बीच कंबल का वितरण
शहर में बढ़ती ठंड को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देशानुसार रांची नगर निगम की ओर से जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण और अन्य राहत इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ हरमू रोड स्थित शनि मंदिर और पहाड़ी मंदिर के पास जरूरतमंदों के बीच कुल 120 कंबलों का वितरण किया। इस दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि ठंड में कोई भी जरूरतमंद खुले आसमान के नीचे ठिठुरने को मजबूर न हो, यह सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, क्योंकि राहत पहुंचाना केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि मानवीय संवेदनशीलता भी है।

उन्होंने अधिकारियों को अलग-अलग इलाकों में जरूरतमंदों को चिह्नित कर कंबल वितरण जारी रखने, आश्रय गृहों में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने तथा रात में रेस्क्यू अभियान चलाकर खुले में रह रहे लोगों को सुरक्षित आश्रय गृहों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। मौके पर वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक समेत निगम के अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
ok