रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस और वर्तमान सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिरकत की, जहां वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। पूरे परिसर में पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच उत्सव का माहौल दिखा। वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पहुंचे आम लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के युवाओं से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के लिए युवाओं को आज ही संकल्प लेना होगा, क्योंकि यही संसाधन झारखंड की असली पहचान हैं। उन्होंने खनिज संपदा के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य के खनिज देश के विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद यहां के आदिवासियों और मूलवासियों को वह सम्मान और हक नहीं मिल सका, जिसके वे वास्तविक अधिकारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारों की सुरक्षा से जुड़े कानून तो बने, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका असर पूरी तरह नहीं दिख पाया। इसलिए युवाओं को अपने अधिकारों और संसाधनों की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अबुआ सरकार के गठन के बाद आम लोगों के चेहरों पर नई उम्मीद और मुस्कान आई है। उन्होंने बताया कि सरकार और समाज मिलकर गरीबी तथा अशिक्षा को खत्म करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हर वर्ग को बेहतर शिक्षा से जोड़ने और गरीबी को जड़ से समाप्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि राज्य के लोगों का जीवनस्तर और मजबूत हो सके।

कार्यक्रम की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय हस्तशिल्प, कला-संस्कृति और विभागीय योजनाओं से जुड़ी प्रदर्शनियों को देखा। लाभुकों, कारीगरों और अधिकारियों से बातचीत कर उनके प्रयासों की सराहना की। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहारा दे रहे स्वयं सहायता समूहों और पारंपरिक उत्पादों के स्टॉलों में उन्होंने विशेष रुचि ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचे, यह हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिए। 

समारोह के दौरान पुलिस बल के मनोबल को बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कुल 43 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को वीरता और सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। इनमें आठ आईपीएस अधिकारी भी शामिल रहे। वीरता पदक से आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह और रांची एसएसपी राकेश रंजन को नवाजा गया। इसके अलावा सराहनीय सेवा पदक पाने वाले आईपीएस अधिकारियों में असीम विक्रांत मिंज, अनीश गुप्ता, राजकुमार मेहता, दीपक शर्मा, दीपक पांडेय और मुकेश कुमार के नाम शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *