रांची: नगर निगम के आंतरिक राजस्व को बढ़ाने और आय के विभिन्न स्रोतों की पड़ताल करने के लिए शुक्रवार को निगम परिषद की आपात बैठक आयोजित की गई। महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षदों के साथ-साथ नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार व दुकान किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क और यूजर चार्ज समेत तमाम मदों से होने वाली आमदनी की समीक्षा की गई। सभी शाखाओं के आय-व्यय का हिसाब-किताब देखने के साथ ही पिछले वित्तीय वर्षों के मुकाबले मौजूदा वित्तीय वर्ष की वसूली की स्थिति पर भी मंथन हुआ। इस दौरान तय लक्ष्य और वास्तविक वसूली के बीच के अंतर तथा अपेक्षित प्रगति न हो पाने की वजहों पर विस्तार से चर्चा की गई। बता दें कि जिंदगी जिंदाबाद ने 2 दिन पहले इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसमें बताया गया था कि रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति खराब है। साथ ही ये भी बताया था कि 63 परसेंट लोगों ने होल्डिंग टैक्स जमा नहीं कराया है। इसके बाद रांची नगर निगम में आपात बैठक बुलाई गई।

इसे भी पढ़े: रांची नगर निगम की आर्थिक स्थिति खराब, बकाया होल्डिंग टैक्स के साथ 3 गुना पेनल्टी वसूलने की निगम कर रहा है तैयारी

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक राजस्व बढ़ाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आय के सभी स्रोतों का सही ढंग से इस्तेमाल करते हुए वसूली व्यवस्था को और दुरुस्त व सुव्यवस्थित करना होगा। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व बढ़ाने के लिए ठोस, प्रभावी और समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर तय लक्ष्यों के मुताबिक काम किया जाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बार-बार नोटिस और चेतावनी के बावजूद जो बकायेदार रकम जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने यह भी साफ किया कि राजस्व वसूली के काम में किसी तरह की ढिलाई, लापरवाही या उदासीनता बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपने कर्तव्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में राजस्व संग्रहण को और प्रभावी बनाने, सभी मदों की नियमित निगरानी करने और तय लक्ष्य के अनुसार वसूली पक्की करने पर खास बल दिया गया। वहीं, वार्ड पार्षदों ने भी अपने अहम सुझाव रखे, ताकि राजस्व के नुकसान को रोका जा सके और निगम की आमदनी में बढ़ोतरी हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed