रांची: जिले में अफीम की अवैध खेती को जड़ से खत्म करने और इसके दुष्परिणामों के प्रति लोगों को सतर्क करने के लिए जिला प्रशासन ने एक व्यापक जन जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। बुधवार को मोरहाबादी मैदान से उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से आठ जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के विभिन्न ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में घूम-घूमकर लोगों को अफीम की खेती से होने वाले कानूनी, सामाजिक और पर्यावरणीय नुकसान के बारे में बताएंगे।
अभियान के तहत ग्रामीणों को स्पष्ट संदेश दिया जा रहा है कि अफीम की खेती करना या इसके लिए अपनी जमीन लीज या पट्टे पर देना एनडीपीएस एक्ट के तहत एक गंभीर अपराध है। इसमें दोषी पाए जाने पर 20 साल तक की सजा या आजीवन कारावास के साथ भारी जुर्माने का प्रावधान है। प्रशासन ने लोगों से अधिक मुनाफे के लालच में न फंसने की अपील की है। साथ ही, पुलिस और प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों और पुराने आरोप पत्रित अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को जब्त करने के साथ-साथ इससे अर्जित अवैध संपत्ति और खरीदारों-विक्रेताओं पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कानूनी पहलुओं के अलावा, जागरूकता रथ के जरिए अफीम की खेती से होने वाले गंभीर पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी खतरों की भी जानकारी दी जा रही है। प्रशासन के अनुसार, इसकी खेती से मिट्टी की उपजाऊ क्षमता नष्ट होती है और नदी, तालाब व कुओं जैसे जल स्रोत दूषित होते हैं। इसके नशे की लत से युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है, जिससे परिवार और समाज पर बुरा असर पड़ रहा है। प्रशासन ने आम लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने और अफीम की खेती से जुड़ी कोई भी सूचना पुलिस को देने की अपील की है, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस मौके पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय और डीएसपी मुख्यालय-1 अमर पांडेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।