रांची: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की सुरक्षा में तैनात वाहनों को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने इस मामले में हेमंत सोरेन सरकार पर गंभीर लापरवाही और संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि सुरक्षा में चूक या खामी के चलते कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों और पत्राचार के बावजूद सरकार ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
अजय साह ने बताया कि बाबूलाल मरांडी को 13 वर्ष पुराना बुलेटप्रूफ वाहन दिया गया है, जो बार-बार रास्ते में खराब हो जाता है। इस समस्या को लेकर 21 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया था। इसके अलावा उनके आप्त सचिव द्वारा गृह सचिव को पत्र भेजने के साथ-साथ डीजीपी और आईजी प्रोविजन को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बाबूलाल मरांडी ने 9 नवंबर को अपना बुलेटप्रूफ वाहन वापस लौटा दिया, ताकि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान ले सके। इसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
भाजपा प्रवक्ता ने सुरक्षा व्यवस्था में दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री के काफिले में दर्जनों गाड़ियां चलती हैं, वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष के सुरक्षा दस्ते में शामिल जिप्सियां जर्जर हालत में हैं और चार लाख किलोमीटर से ज्यादा चल चुकी हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की सुरक्षा में लगे वाहनों की स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि उनके कार्यालय से छह बार पत्राचार और गृह विभाग के निर्देश के बावजूद समस्या दूर नहीं हुई, जबकि 6 नवंबर को उनके काफिले का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुका है।
अजय साह ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा खतरे का आकलन किए जाने के बावजूद संवैधानिक पदों पर रहे नेताओं और सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि बाबूलाल मरांडी और उनके सुरक्षाकर्मियों को जांच में उपयुक्त पाए गए सुरक्षित वाहन तुरंत दिए जाएं, सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा वाहनों की समीक्षा की जाए और अब तक की शिकायतों पर हुई कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक किया जाए।