रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्य की अलग-अलग जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 73 कैदियों के मामलों पर विस्तृत चर्चा के बाद 26 कैदियों को रिहा करने का निर्णय लिया गया। इस समीक्षा बैठक में पर्षद द्वारा आगे बढ़ाए गए 20 नए प्रस्तावों के अलावा पिछली बैठकों में खारिज हो चुके 53 पुराने मामलों पर भी विचार किया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ प्रत्येक मामले के कानूनी पहलुओं, सजा की अवधि, जेल में कैदियों के व्यवहार, रिहाई के तय नियमों और पात्रता के साथ-साथ अदालत, पुलिस अधीक्षक, जेल अधीक्षक तथा प्रोबेशन अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर गहन मंथन किया, जिसके बाद 26 बंदियों की रिहाई को मंजूरी मिली। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि रिहा होने वाले बंदियों के पुनर्वास और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए विभाग की ओर से मनोवैज्ञानिक काउंसलर नियुक्त किए जाएं तथा इसमें स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) की मदद भी ली जाए, ताकि घर-गांव लौटने के बाद कोई भी व्यक्ति दोबारा अपराध की राह पर न जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सजा पूरी होने के बावजूद जो कैदी जेल से बाहर नहीं जाना चाहते, उनकी काउंसलिंग कर उनके पारिवारिक हालात और बाहर न जाने की वजह का पता लगाया जाए, वहीं रिहा होने वाले मानसिक रूप से अस्वस्थ कैदियों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दायित्व प्रोबेशन ऑफिसर को सौंपा गया। इस अहम बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, विधि विभाग के प्रधान सचिव-सह-विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव, कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं के महानिरीक्षक सुदर्शन प्रसाद मंडल, न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा, निदेशक (प्रशासन) ज्ञान शंकर जायसवाल, प्रोबेशन पदाधिकारी चंद्रमोली सिंह और बंदी कल्याण पदाधिकारी राम गोविंद पंडित समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।