रांची: राजधानी रांची में नागरिक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और जनहित से जुड़ी कई अहम पहलों पर रांची नगर निगम सक्रिय हो गया है। 19 नवंबर को निगम ने प्रकाश पर्व की तैयारियों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रशिक्षण, सामुदायिक भवनों की ऑनलाइन बुकिंग और वाटर मीटर चोरी को लेकर नागरिकों को सतर्क करने से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की है।
श्री गुरु नानक देव जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व को लेकर रांची नगर निगम ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 24 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह तथा 22 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को देखते हुए अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने कार्यालय आदेश जारी किया है। शोभायात्रा गुरुद्वारा गुरु नानक सत्संग सभा, रातू रोड स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी से शुरू होकर न्यू मार्केट रातू रोड, अपर बाजार, प्यादा टोली, महावीर चौक, गांधी चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, सर्जना चौक, डेली मार्केट, गुरुद्वारा मेन रोड, एकरा मस्जिद और सुजाता चौक होते हुए गुरु नानक स्कूल, पी.पी. कंपाउंड पहुंचेगी।
इसके मद्देनजर शोभायात्रा मार्ग, गुरुद्वारों के आसपास और संपर्क पथों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरा उठाव, नालियों की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव, झाड़ियों व पेड़ों की छंटाई तथा धूल से बचाव के लिए स्प्रिंकलर से पानी छिड़काव करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही चलंत शौचालय, सुलभ शौचालयों व मॉड्यूलर टॉयलेट की नियमित सफाई, डॉग कैचिंग अभियान, फॉगिंग, वाटर टैंकर से जलापूर्ति, अतिक्रमण हटाने, बिल्डिंग मटेरियल के अवैध डंप पर रोक, खुली नालियों पर स्लैब लगाने और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत के आदेश संबंधित शाखाओं को दिए गए हैं। निगम ने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है और किसी समस्या या सहयोग के लिए 24×7 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क करने को कहा है।
उधर, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत शहरी क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने के लिए चल रही चार दिवसीय प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला के दूसरे दिन गुरुवार को अपर नगर आयुक्त संजय कुमार सहित निगम के पदाधिकारियों, कर्मियों और सफाई मित्रों ने हिस्सा लिया। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की इंपैनल्ट एजेंसी मेसर्स फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से आयोजित इस कार्यशाला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी अनुपालन और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। प्रतिभागियों को स्रोत पर कचरा पृथक्करण, 4-बिन प्रणाली, डोर-टू-डोर संग्रहण, वैज्ञानिक प्रसंस्करण व रिसोर्स रिकवरी, लेगेसी वेस्ट मैनेजमेंट, सैनिटरी लैंडफिल, फेकल स्लज मैनेजमेंट, सैनिटेशन, आईईसी गतिविधियों, वार्ड स्तरीय कचरा प्रबंधन व जन जागरूकता, विकेंद्रीकृत प्रसंस्करण, जलाशयों, नालों व सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा जमीनी चुनौतियों व समाधान पर विस्तार से जानकारी दी गई।
नागरिकों की सहूलियत के लिए रांची नगर निगम ने अपने सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली से जोड़ दिया है, जिससे लोग शादी-विवाह, पारिवारिक-सामाजिक आयोजनों और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए घर बैठे उचित व किफायती दरों पर भवन बुक कर सकेंगे। इससे सामान्य परिवारों को महंगे निजी बैंक्वेट हॉल व आयोजन स्थलों के विकल्प के रूप में कम खर्च में बेहतर सुविधा मिल सकेगी। पहले चरण में वार्ड संख्या-14 स्थित इंदिरा गांधी चौक एवं मुकचुंद टोली, वार्ड संख्या-18 स्थित ईस्ट जेल रोड, वार्ड संख्या-38 स्थित डीबडीह तालाब, वार्ड संख्या-44 स्थित इदरिसिया जलसा हॉल, इस्लामिया कम्युनिटी हॉल पारस टोली, वार्ड संख्या-52 हेसग और ग्वाला टोली मजार रोड डोरंडा स्थित सामुदायिक भवनों को जोड़ा गया है, जबकि अन्य भवनों को चरणबद्ध तरीके से जोड़ने की योजना है। नागरिक ऑनलाइन पोर्टल https://apnaranchi.rsrcl.in या ‘Apna Ranchi’ ऐप के जरिए उपलब्ध तिथि देखकर बुकिंग कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9431104429 पर संपर्क किया जा सकता है।
इसके अलावा, रांची नगर निगम की जलापूर्ति शाखा ने वाटर मीटर चोरी की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए आम सूचना जारी कर लोगों को सतर्क किया है। उप नगर आयुक्त की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि यदि कोई व्यक्ति निगम के प्रतिनिधि के रूप में जल संयोजन देने या वाटर मीटर संबंधी कार्य के लिए घर आता है, तो पहले रांची नगर निगम का निर्गत आईडी कार्ड जांचें और टोल-फ्री नंबर 18005701235 पर कॉल कर उसकी पहचान सुनिश्चित करने के बाद ही घर में प्रवेश करने दें।