रांची: राजधानी के महिलौंग स्थित बिरला नॉलेज सिटी के श्री राधाकृष्ण मंदिर प्रांगण में बुधवार को श्री श्री मां जगद्धात्री पूजा का भव्य आयोजन किया गया। कार्तिक शुक्ल नवमी के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। राज्यसभा सांसद व पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के नेतृत्व में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आराधना की और राज्य व देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच भोग-प्रसाद का भी वितरण किया गया।
इस मौके पर डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि मां जगद्धात्री शक्ति, करुणा और लोककल्याण की प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी सनातन विरासत को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज में एकता, सद्भाव और संस्कारों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराएं नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और गौरवशाली संस्कृति से जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।
समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय कांत प्रसाद, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, दीपक प्रकाश, महामंत्री मनोज सिंह, मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, सह मीडिया प्रभारी अजय राय, प्रवक्ता आरती कुजूर, मृत्युंजय शर्मा, अशोक बड़ाईक, नगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण अध्यक्ष धीरज महतो, जेलेंद्र कुमार, शशिभूषण भगत और सुबोध सिंह गुड्डू सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए।