रांची: राजधानी रांची में जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विकासोन्मुखी, सामाजिक और प्रशासनिक कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। जिले में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत हरित क्रांति और महिला सशक्तीकरण से लेकर मतदाता जागरूकता तक कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा, बिरसा मुण्डा विमानपत्तन विस्तार परियोजना और प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर भी उच्चस्तरीय बैठकें संपन्न हुई हैं।
पौधारोपण, कृषि प्रशिक्षण और जेएसएलपीएस की पहल
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले के सभी प्रखंडों की 305 ग्राम पंचायतों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी स्थानीय समूहों को सौंपी गई है। सोनाहातु प्रखंड के दुलमी में किसानों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पर्यावरण अनुकूल कृषि, मिट्टी जांच, बीजोपचार, जीवामृत और जैविक कीट-व्याधि नियंत्रण की विस्तृत जानकारी दी गई। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा बुंडू में मटर बीज व पोषण वाटिका किट का वितरण किया गया। वहीं, कांके प्रखंड के नेवरी क्लस्टर लेवल फेडरेशन को ₹32 लाख की सामुदायिक निवेश निधि (CIF) सौंपी गई। इसके अलावा, हजारों अति गरीब परिवारों को समावेशी आजीविका योजना (SAY) का लाभ दिया गया और बकरी टीकाकरण अभियान चलाया गया। वहीं विद्युत आपूर्ति अंचल द्वारा 26 नवंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जन समस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां उपभोक्ता बिल सुधार, नए कनेक्शन और ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।
बिरसा मुण्डा विमानपत्तन विकास परियोजना की समीक्षा
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बिरसा मुण्डा विमानपत्तन विकास परियोजना को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विमानपत्तन के लिए हस्तांतरित भूमि पर चहारदीवारी निर्माण, सड़क डायवर्सन और विद्युत लाइन स्थानांतरण से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं, ताकि रांची से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा प्रारंभ करने की दिशा में तेजी लाई जा सके।
प्रकाश पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन पर मंथन
सिख समुदाय के प्रकाश पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने प्रबुद्धजनों के साथ बैठक की। प्रभात फेरी और शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती, यातायात प्रबंधन, ट्रैफिक डायवर्जन और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
निबंध प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तहत आयोजित जिला स्तरीय निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का समापन हुआ। अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 1,800 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। रमेश सिंह मुंडा +2 उच्च विद्यालय (बुंडू) की तनु कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, मारवाड़ी +2 उच्च विद्यालय के रोहित कुमार द्वितीय और राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पाली की खुशबू कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। सिल्ली विधानसभा क्षेत्र की टीम प्रथम, हटिया विधानसभा क्षेत्र की टीम द्वितीय तथा मांडर विधानसभा क्षेत्र की टीम प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तृतीय स्थान पर रही।
सभी मतदान केंद्रों पर विशेष ‘एक और अवसर’ कैंप
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे पात्र नागरिकों के लिए रांची जिले के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। कैंप में नए नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 प्राप्त किए गए, बीएलओ-बीएलए-2 की बैठकें हुईं तथा ‘चुनाव पाठशाला’ के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया।