रांची: इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए झारखंड सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। हालांकि राज्य में अब तक इस बीमारी का कोई भी मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने रिम्स, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों और सदर अस्पतालों को भारत सरकार की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। मंत्री ने स्पष्ट किया है कि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर विशेष निगरानी और स्क्रीनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध यात्री की समय रहते पहचान की जा सके।
समीक्षा बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के सभी 24 जिलों के सिविल सर्जनों को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्रों में 24 घंटे निगरानी और रिपोर्टिंग तंत्र को मजबूत रखें। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, पर्याप्त पीपीई किट और अन्य आवश्यक चिकित्सा संसाधनों का स्टॉक हर समय उपलब्ध रखने को कहा गया है। साथ ही डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण नियंत्रण व सुरक्षित सैंपल कलेक्शन के लिए प्रशिक्षित करने पर जोर दिया गया है। इससे पहले तैयारियों को परखने के लिए बीते 12 नवंबर को रांची स्थित रिम्स में मॉक ड्रिल भी आयोजित की जा चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने आम लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि इबोला एक गंभीर संक्रामक रोग है, लेकिन यह सर्दी-जुकाम की तरह हवा से नहीं फैलता, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। यह संक्रमण मुख्य रूप से बीमार व्यक्ति के खून, उल्टी, दस्त या शरीर के अन्य तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है। संक्रमण के 2 से 21 दिनों के भीतर तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी-दस्त और गंभीर स्थिति में रक्तस्राव जैसे लक्षण उभर सकते हैं। डॉ. अंसारी ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें, स्वच्छता का ध्यान रखें और संदिग्ध लक्षण दिखने पर स्वयं इलाज करने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें।