रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल स्थित झारसुगुड़ा पैसेंजर यार्ड में होने वाले रीमॉडलिंग कार्य के चलते रेल यातायात बड़े पैमाने पर प्रभावित होने जा रहा है। रेलवे प्रशासन की सूचना के अनुसार 25 नवंबर से 18 दिसंबर 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों पर कुल 72 एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। इस मेगा ब्लॉक का सीधा असर झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में झारखंड की राजधानी रांची, हटिया और टाटानगर से खुलने व गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण गाड़ियां शामिल हैं। इनमें 18175/18176 हटिया-झारसुगुड़ा एक्सप्रेस 26 नवंबर से 16 दिसंबर तक, 22846/22845 हटिया-पुणे एक्सप्रेस 7 से 13 दिसंबर के बीच चुनिंदा दिनों में, 18641/18642 हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस 8 से 11 दिसंबर, 12812/12811 हटिया-एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस 11 से 14 दिसंबर और 18637/18638 हटिया-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस 12 व 15 दिसंबर को रद्द रहेंगी। इसके अलावा टाटानगर से चलने वाली 18109/18110 टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस, 18113/18114 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस और 12889/12890 टाटानगर-बेंगलुरु एक्सप्रेस भी प्रभावित रहेंगी।

यात्रियों को भी इस दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि झारसुगुड़ा-संबलपुर, गोंदिया-झारसुगुड़ा और राउरकेला-झारसुगुड़ा के बीच चलने वाली कई मेमू पैसेंजर ट्रेनों को नवंबर के अंतिम सप्ताह से लेकर 17 दिसंबर तक लगातार रद्द रखा गया है। इसके साथ ही हावड़ा-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, हावड़ा-कांटाबांजी व हावड़ा-जूनागढ़ रोड इस्पात एक्सप्रेस, राउरकेला-पुरी एक्सप्रेस, राउरकेला-भुवनेश्वर एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, जसीडीह-तांबरम एक्सप्रेस, धनबाद-पोदनूर एक्सप्रेस, भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस, गया-एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस और कामाख्या-एलटीटी एक्सप्रेस जैसी लंबी दूरी की कई प्रमुख ट्रेनें भी अलग-अलग तारीखों पर नहीं चलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *