रांची: बड़ा तालाब से बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान ग्वाला टोली निवासी 70 वर्षीय शाहिद अख्तर गद्दी के रूप में हुई है, जो शहर के चर्चित बिल्डर साहब अली के भाई थे। परिजनों के मुताबिक शाहिद अख्तर बीते तीन दिनों से घर से लापता थे, जिसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी। तलाश के दौरान उनके तालाब की ओर जाने की आशंका जताई गई, जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने सुबह सर्च ऑपरेशन चलाकर पानी से उनका शव बाहर निकाला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब इस बात की जांच कर रही है कि यह मौत महज एक हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है।