रांची: राजधानी की शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से मंगलवार 17 नवंबर को राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन की एक टीम ने शहर के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा किया। राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में इस टीम ने शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिसालदार,  शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुकम-हेहल और UPHC हेहल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस निरीक्षण के दौरान राज्य कार्यक्रम प्रबंधक मो. यूसुफ अंसारी और इंटेलीहेल्थ के प्रतिनिधि प्रशांत कुमार भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। डॉ. मुकेश ने स्पष्ट किया कि ओपीडी के निर्धारित समय के दौरान सभी स्वास्थ्यकर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। इसके अतिरिक्त केंद्रों पर आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए स्वच्छता और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।

दवाओं के प्रबंधन पर विशेष ध्यान देते हुए अधिकारियों ने कहा कि जिन दवाओं की एक्सपायरी डेट नजदीक है, उनका उपयोग प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि संसाधनों की बर्बादी रोकी जा सके। साथ ही लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए सूचना, शिक्षा और संचार सामग्री के प्रभावी इस्तेमाल पर भी बल दिया गया। दूर-दराज और वंचित इलाकों के लाभार्थियों तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह पहुँचाने के लिए सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को ‘ई-संजीवनी’ टेलीमेडिसिन सेवाओं से सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। 

One thought on “रांची के शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का टीम ने किया औचक निरीक्षण, बुनियादी सुविधाओं और टेलीमेडिसिन सेवाओं के सुधार पर जोर”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *