उलिहातु: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर उनकी जन्मस्थली उलिहातु में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी भेंट की। इसके उपरांत राज्यपाल महोदय ने उलिहातु में आयोजित ‘राजकीय बिरसा महोत्सव-2026’ को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणादायी गाथा है। उन्होंने जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, अस्मिता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए जागरूक एवं संगठित किया। उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।राज्यपाल ने कहा कि झारखण्ड वीरों और बलिदानियों की भूमि है। भगवान बिरसा मुंडा के साथ-साथ सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, फूलो-झानो, चांद-भैरव और वीर बुधु भगत जैसे अनेक जननायकों ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। उनका संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अभिन्न अंग है। इन जननायकों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वर्ष 2000 में लंबे संघर्ष और जनआकांक्षाओं के परिणामस्वरूप झारखण्ड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार द्वारा अलग राज्य के गठन का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने पर हमें अब तक की उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए भविष्य की प्राथमिकताएँ तय करनी चाहिए।
अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
राज्यपाल ने आज छठ महापर्व के अवसर पर बड़ा तालाब एवं हटनिया तालाब (नक्षत्र वन) में छठ पूजा में सम्मिलित होकर छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने बड़ा तालाब के समीप स्थित सूर्य मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। राज्यपाल ने सभी को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
राज्यपाल ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि छठ हमारी आस्था, श्रद्धा, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व है। सूर्योपासना का यह पर्व हमें पवित्रता, अनुशासन, संयम और समर्पण की प्रेरणा देता है। इसमें अस्ताचलगामी और उदयमान, दोनों ही सूर्य की उपासना की जाती है। छठ महापर्व की एक विशेषता इसकी सामाजिक समरसता भी है, जिसमें समाज के सभी वर्गों के लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागी बनते हैं। यह हमारी सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का सुंदर उदाहरण है।
‘धरती आबा’ को मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और उनकी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन ने शनिवार को कोकर स्थित समाधि स्थल पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पचक्र अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने बिरसा चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए भगवान बिरसा का संघर्ष झारखंड के स्वाभिमान का प्रतीक है। उनके सपनों के अनुरूप राज्य को समृद्ध और सशक्त बनाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इसी क्रम में नई दिल्ली स्थित झारखंड भवन में भी भगवान बिरसा मुंडा को याद किया गया। राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम और स्थानिक आयुक्त अरवा राजकमल ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान झारखंड के जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, और स्थानिक आयुक्त ने भवन के वाहन चालकों को उपहार देकर सम्मानित किया।
73 किलोमीटर की पदयात्रा का समापन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जनजाति मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय ‘राष्ट्रीय जनजातीय गौरव पदयात्रा’ का आज रांची के कोकर स्थित बिरसा समाधि स्थल पर भव्य समापन हुआ। खूंटी के उलिहातू से शुरू होकर लगभग 73 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और जनजातीय समुदाय के लोग शामिल हुए।
पदयात्रा के समापन पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने धरती आबा के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर सरकार पर तीखे सवाल भी उठाए। उधर, झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने भी कोकर समाधि स्थल पर पहुंचकर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
24 जिलों में गूंजा ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’
राज्य स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर रांची सहित झारखंड के सभी 24 जिलों में स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के लिए ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ (Run for Cleanliness) का आयोजन किया गया। रांची के मोरहाबादी बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक आयोजित इस दौड़ का शुभारंभ मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ के बाद मंत्रियों और गणमान्य लोगों ने चडरी तालाब छठ घाट पर श्रमदान कर साफ-सफाई की और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में कुंदन महतो और महिला वर्ग में पूजा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें सम्मानित किया गया।
