लंदन / रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ की गूंज इस बार देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी पूरी श्रद्धा के साथ सुनाई दे रही है। ब्रिटेन के ग्रेटर लंदन से लेकर झारखंड की राजधानी रांची तक श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला है। लंदन में कड़ाके की ठंड को मात देते हुए प्रवासियों ने छठ पर्व मनाया, वहीं अमेरिका से लौटी एक प्रवासी शिक्षिका ने रांची में पूरी निष्ठा के साथ यह व्रत रखा है। इसके अलावा राजधानी के अलग-अलग घाटों पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। कल उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन हो जाएगा।

ग्रेटर लंदन में -7 डिग्री तापमान
ग्रेटर लंदन के हौंस्लो स्थित ब्रह्मऋषि मिशन (हेस्टन रोड) में ‘बिहारी कनेक्ट यूके’ संस्था की ओर से लगातार पांचवें वर्ष सामूहिक छठ उत्सव का आयोजन किया गया। कड़ाके की ठंड और -7 डिग्री सेल्सियस तापमान के बावजूद 15 छठ व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान और निर्जला उपवास के साथ छठी मईया की आराधना की।
संस्था की ओर से सभी व्रतियों को साड़ियां, पूजन सामग्री और अन्य जरूरत के सामान उपलब्ध कराए गए। व्रतियों व महिलाओं ने पीतल के सूप और दउरों में ठेकुआ, कसार, फल, गन्ना, हल्दी-अदरक, सिंघाड़ा और नींबू (डाभ) जैसी पारंपरिक सामग्रियां सजाईं। इसके बाद संध्या पहर में पुरुषों ने दउरों को उठाकर घाट तक पहुंचाया।

ब्रिटेन में बसे करीब 1,200 परिवारों के श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। महिलाओं द्वारा गाए गए पारंपरिक छठ गीतों ने पूरे माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। वहीं, रात्रि पहर में गन्नों के मंडप के नीचे मिट्टी के दीये जलाकर कोशी भरी गई। इसके अलावा, ब्रिटेन के लीड्स हिंदू मंदिर में भी ‘बिहारीज बियॉन्ड बाउंड्रीज’ के तत्वावधान में तीन दिवसीय छठ महापर्व आयोजित किया गया, जिसमें बोकारो की रुसनी देवी समेत कई राज्यों के श्रद्धालु शामिल हुए।
अमेरिका की पूर्व शिक्षिका ने रांची में किया व्रत
उधर, रांची के मोराबादी मोदी कंपाउंड स्थित आवास पर भी छठ महापर्व की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। अमेरिका के टेक्सास (डलास) से लौटीं सेवानिवृत्त शिक्षिका मधु मूर्ति पूरे छह साल बाद एक बार फिर छठ व्रती बनी हैं। उनके पति स्व. ओम प्रकाश गुप्ता सीएमपीडीआई में कार्यरत थे, जबकि उनके बच्चे अमेरिका में ही रहते हैं। सनातन धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी गहरी आस्था के चलते मधु मूर्ति अकेले ही अमेरिका से रांची छठ करने पहुंची हैं। उनके ममेरे भाई विनय गुप्ता और विजया नंद का परिवार इस अनुष्ठान में पूरा सहयोग दे रहा है। रविवार को उनके आवास की छत पर बने वाटर टैंक में उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। सोमवार सुबह वे उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर अपने इस कठिन व्रत का पारण करेंगी।