रांची: रिम्स रांची के डॉक्टरों ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। यहां के सिटीवीएस विभाग की टीम ने एक महिला मरीज के पेट की मुख्य एओर्टा के खतरनाक और विशाल फैलाव (एब्डॉमिनल एओर्टिक एन्यूरिज्म) का बेहद जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। मेडिकल भाषा में इसे ‘एब्डॉमिनल एओर्टिक एन्यूरिज्म’ कहा जाता है। इसमें हृदय से शरीर के निचले हिस्से में खून ले जाने वाली मुख्य नस पेट के भीतर गुब्बारे की तरह असामान्य रूप से फूलकर कमजोर हो जाती है, जिसके फटने का खतरा और जानलेवा आंतरिक रक्तस्राव की आशंका हमेशा बनी रहती है।

इस मरीज के मामले में स्थिति और भी गंभीर थी, क्योंकि मुख्य नस का 10 से 12 सेंटीमीटर लंबा हिस्सा फूल चुका था और उसमें कैल्शियम जमने की वजह से वह बेहद कठोर हो गई थी। साथ ही, यह फैलाव दोनों पैरों को खून पहुंचाने वाली नसों तक फैल चुका था, जिससे यह सर्जरी डॉक्टरों के लिए एक बड़ी चुनौती थी।

कैसे हुआ सफल ऑपरेशन? 

रिम्स के डॉक्टरों ने बेहद सावधानी बरतते हुए खराब हो चुकी मुख्य रक्तवाहिनी को हटाया और उसकी जगह एक खास कृत्रिम (डिफरेंट वैस्कुलर ग्राफ्ट) रक्तवाहिनी लगाई। इस कृत्रिम नली की दो शाखाओं को दोनों पैरों की नसों से जोड़कर शरीर के निचले हिस्से में रक्त के सामान्य प्रवाह को फिर से बहाल किया गया।

इस बड़े ऑपरेशन की खासियत यह रही कि इसमें बहुत कम खून की जरूरत पड़ी। आमतौर पर ऐसे जटिल ऑपरेशनों में भारी रक्तस्राव होता है, लेकिन डॉक्टरों की बेहतरीन तकनीक और आपसी तालमेल के कारण यह सर्जरी केवल चार यूनिट रक्त के इस्तेमाल से ही सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। यह जटिल सर्जरी रिम्स के CTVS विभाग के सह-प्राध्यापक डॉ. अंशुल कुमार द्वारा, IGIMS पटना के सीटीवीएस विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. शील अवनीश के मार्गदर्शन में की गई। इस टीम में डॉ. राकेश चौधरी और डॉ. अंजय भी शामिल रहे।

वहीं, एनेस्थीसिया विभाग के अध्यक्ष प्रो. डॉ. शिव प्रिय और डॉ. मुकेश ने ऑपरेशन के दौरान और उसके बाद मरीज के सुरक्षित प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू और नर्सिंग स्टाफ का भी पूरा सहयोग रहा। ऑपरेशन के 12 दिन बाद मरीज पूरी तरह स्थिर और स्वस्थ है। वह बिना किसी परेशानी के अपनी रोजमर्रा की गतिविधियां कर रही है और उसे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली है। रिम्स के निदेशक प्रो. डॉ. डी.के. सिन्हा और प्रो. डॉ. पंकज बोदरा ने पूरी मेडिकल टीम को इस शानदार सफलता पर बधाई दी है। 

One thought on “रिम्स में हुआ पेट की मुख्य नस का जटिल ऑपरेशन, महिला मरीज को मिली नई जिंदगी”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed