रांची: दीपावली का पर्व संपन्न होते ही झारखंड की राजधानी रांची में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पवित्र अनुष्ठान में व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रांची नगर निगम पूरी मुस्तैदी से जुट गया है। शहरभर में प्राकृतिक और कृत्रिम जलाशयों को तैयार किया जा रहा है।

6 जोन में बंटा शहर

 रांची नगर निगम ने इस वर्ष छठ पूजा के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में कुल 74 महत्वपूर्ण छठ घाटों को चिह्नित किया है। इन सभी स्थानों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश और पहुंच पथों को दुरुस्त करने का काम तेजी से किया जा रहा है। कार्यों की मॉनिटरिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निगम ने पूरे शहर को 6 अलग-अलग जोनों में विभाजित किया है।

इसके साथ ही, घनी आबादी वाले क्षेत्रों में रहने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। जिन लोगों को प्राकृतिक तालाबों या दूरदराज की नदियों तक पहुंचने में कठिनाई होती है, उनके लिए 50 से अधिक कृत्रिम छठ तालाबों का निर्माण किया जा रहा है।

युद्ध स्तर पर चल रही सफाई 

 छठ महापर्व की तैयारियों का सबसे अहम हिस्सा जलाशयों की स्वच्छता है। निगम द्वारा विभिन्न तालाबों से जलकुंभी और गाद हटाने के लिए व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए जेसीबी मशीनों के साथ-साथ बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों को मैदान में उतारा गया है। घाटों के आसपास जमे कचरे को साफ करने के साथ-साथ पानी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि व्रतियों को पूरी तरह स्वच्छ वातावरण मिल सके।

चेंजिंग रूम के पुख्ता इंतजाम 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। जिन जलाशयों में जलस्तर अधिक गहरा है, वहां खतरनाक स्थानों की पहचान कर बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग की जा रही है। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों को सुगम बनाने के लिए स्टोन डस्ट बिछाकर समतलीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा, प्रमुख घाटों पर महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, शुद्ध पेयजल और रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *