• एक टॉयलेट के लिए 30000 नगर विकास विभाग ने किया है मंजूर
  • जिनके घरों में नहीं है टॉयलेट की सुविधा वह कर सकते हैं आवेदन 
  • ओडीएफ प्लस घोषित किया जा चुका है रांची नगर निगम क्षेत्र 
  • 53 वार्ड में 265 टॉयलेट का किया जाएगा निर्माण

रांची: रांची नगर निगम क्षेत्र को खुले में शौच से मुक्त (ओडीएफ प्लस) घोषित किए जाने के बाद अब निगम प्रशासन शहर को पूर्णतः स्वच्छ और शौचालय युक्त बनाने की दिशा में एक नया कदम उठाने जा रहा है। इसी कड़ी में नगर विकास विभाग की ओर से रांची नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में 5-5 इंडिविजुअल (व्यक्तिगत) टॉयलेट बनाने की योजना को हरी झंडी दे दी गई है। जिससे कि अगर किसी के घर में टॉयलेट की सुविधा नहीं है तो तो नगर निगम वहां पर टॉयलेट बना कर देगा।

इस योजना के तहत विभाग द्वारा प्रति टॉयलेट 30,000 रुपये का बजट मंजूर किया गया है। निगम का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों तक इस सुविधा को पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी या किसी अन्य वजह से अब तक अपने घरों में शौचालय का निर्माण कराने में असमर्थ रहे हैं। योजना का लाभ केवल उन्हीं लोगों को दिया जाएगा, जिनके घरों में वर्तमान में टॉयलेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है। अगर कोई खुद से टॉयलेट बनाना चाहता है तो राशि उपलब्ध कराई जााएगी। जो व्यक्ति खुद से टॉयलेट नहीं बनाना चाहता उसे निगम टॉयलेट बना कर देगा।

ऐसे योग्य लाभार्थी जो अपने घर में टॉयलेट बनवाना चाहते हैं, वे रांची नगर निगम या अपने संबंधित वार्ड कार्यालय में जाकर आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान लाभार्थियों को अपने पहचान पत्र, भूमि से जुड़े दस्तावेज और एक घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसमें यह स्पष्ट रूप से उल्लेख हो कि उनके घर में पहले से कोई चालू शौचालय मौजूद नहीं है।

रांची नगर निगम की असिस्टेंट हेल्थ ऑफिसर डॉ किरण कुमारी का कहना है कि आवेदनों की जांच के बाद ही पात्र परिवारों को इसका लाभ हस्तांतरित किया जाएगा, ताकि योजना का सही इस्तेमाल हो सके और रांची की ओडीएफ प्लस रैंकिंग को बनाए रखते हुए स्वच्छता के स्तर को और बेहतर किया जा सके। फिलहाल प्रत्येक वार्ड में पांच टॉयलेट बनाने की मंजूरी दी गई है। लेकिन निगम इसे बढ़ाने का प्रस्ताव नगर विकास विभाग को भेजेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *