रांची: रांची पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मांडर थाना क्षेत्र में अवैध विदेशी शराब की एक मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान प्रत्युष शाहदेव, कुंदन कुमार, संजय सिंह, राकेश कुमार और विष्णु कुमार के रूप में हुई है। यह गिरोह यहां तैयार की जा रही अवैध शराब को न केवल झारखंड के विभिन्न हिस्सों में, बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे पड़ोसी राज्यों में भी खपाने का काम करता था। पकड़े गए आरोपी रांची, धनबाद के अलावा बिहार के औरंगाबाद और मुंगेर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब और उसे तैयार करने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री जब्त की है। बरामद सामानों में 2,900 तैयार शराब की बोतलें, टंकी में रखा 225 लीटर तैयार शराब, 2,000 से अधिक खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल, सीलिंग मशीन, जनरेटर, एक मोटरसाइकिल और एक टेम्पो शामिल हैं। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच कर रही है और गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।