छतरपुर थाना में तैनात महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की रविवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उसकी ड्यूटी जेटेट परीक्षा केंद्र पर लगा था। वह परीक्षा केन्द्र पर ही सुरक्षा प्रदान करने व परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जा रही थी। इसी दौरान छतरपुर थाना क्षेत्र के करमा गांव के पास उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मेदिनीनगर भेज दिया गया है। महिला पुलिसकर्मी की मौत से पुलिस जवानों में शोक की लहर है।
इधर, मौत से आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस जाम हटवाने के प्रयास में जुटी है।