*मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चतरा एवं सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न केंद्रों का किया निरीक्षण*
*सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों ने भी अपने क्षेत्रों में आयोजित कैंपों का किया दौरा*
*एसआईआर की मतदाता सूची में नाम नहीं जुड़वा पाए पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से अवश्य कराएं नामांकन*
*10 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क का आयोजन*
*कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे : के. रवि कुमार*
एसआईआर-2026 में छूटे हुए पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों को गति देने के उद्देश्य से राज्यभर में 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को विशेष डिजिटाइजेशन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कार्यक्रम के तहत मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखण्ड श्री के. रवि कुमार ने चतरा जिले के चतरा एवं सिमरिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष डिजिटाइजेशन केंद्रों का निरीक्षण किया तथा वहां किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कैंप में आने वाले नागरिकों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष डिजिटाइजेशन कैंप का स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र भारतीय नागरिक इसकी जानकारी प्राप्त कर निर्धारित तिथियों में अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकें। भारत निर्वाचन आयोग ने भी स्थानीय स्तर पर जागरूकता एवं मोबिलाइजेशन गतिविधियों के माध्यम से प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नामांकन के अवसर की जानकारी देने पर जोर दिया है।
श्री के. रवि कुमार ने कहा कि जो पात्र भारतीय नागरिक किसी कारणवश एसआईआर के दौरान अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम नहीं जुड़वा पाए हैं, वे 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष डिजिटाइजेशन कैंप में पहुंचकर फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं। उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, ईआरओ, एईआरओ एवं बीएलओ को ऐसे नागरिकों की पहचान कर उन्हें नामांकन की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि इन विशेष कैंपों में एसआईआर के दौरान नोटिस की सुनवाई के क्रम में मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन का कार्य भी किया जा रहा है। इसके साथ ही बीएलओ को प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 सहित अन्य संबंधित आवेदनों के डिजिटाइजेशन में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नामांकन एक सतत प्रक्रिया है। कोई भी पात्र भारतीय नागरिक, जो अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, नामांकन के लिए आवेदन कर सकता है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार विशेष अभियान का उद्देश्य ऐसे छूटे हुए एवं पहली बार/युवा मतदाताओं के नामांकन की प्रक्रिया को सुगम बनाना है।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे, इसके लिए सभी पदाधिकारी समन्वित रूप से कार्य करें। विशेष रूप से जनजातीय समूहों, पिछड़े वर्गों, दिव्यांगजनों, वृद्ध मतदाताओं, थर्ड जेंडर, सेक्स वर्कर्स, आश्रय गृहों, श्रमिक बस्तियों तथा अन्य वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदाता सूची में नामांकन की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने भी कमजोर एवं वल्नरेबल समूहों तक पहुंचने के लिए विशेष कैंप आयोजित करने पर जोर दिया है।
के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष डिजिटाइजेशन कैंपों का क्षेत्र भ्रमण कर नियमित निरीक्षण करें और कैंप में प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों के डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों ने भी अपने अपने क्षेत्रों में आयोजित विशेष कैंपों का दौरा किया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि 10 अक्टूबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्पडेस्क का आयोजन किया जाए। मेगा हेल्पडेस्क के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, दावा-आपत्ति, नोटिस की सुनवाई तथा निर्वाचन संबंधी अन्य प्रक्रियाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, तो 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष डिजिटाइजेशन कैंप में अवश्य पहुंचें और फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करें।