पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सोमवार की शाम 7 बजे रात्रि 10 बजे तक रोड सेफ्टी एवं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, यातायात नियमों के अनुपालन सुनिश्चित कराने एवं अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से पलामू जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलग–अलग 15 स्थानों पर अभियान के दौरान संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारियों के नेतृत्व में प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई। अभियान में जिले के सभी संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी, जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।सभी ने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन के लिए शपथ भी लिया।
जांच के दौरान बड़ी संख्या में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों एवं रोड सेफ्टी के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को पकड़ा गया। पकड़े गए वाहन चालकों को रोड सेफ्टी एवं यातायात नियमों के संबंध में समझाया-बुझाया गया तथा भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया।
वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने एवं स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया गया।
एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की भी जांच की गई तथा अपराध की रोकथाम को लेकर पुलिस टीम द्वारा विशेष सतर्कता बरती गई।
पलामू पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि दो पहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का प्रयोग करें तथा सभी यातायात एवं सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। यातायात नियमों का पालन केवल कार्रवाई से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।
पलामू पुलिस अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा एवं आमजनों की सुरक्षा को लेकर जिलेभर में लगातार सतर्क एवं सक्रिय है।
*इन स्थानों पर चला अभियान :*
चियांकी क्षेत्र में तथा चैनपुर में सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में सघन वाहन एवं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया।
हरिहरगंज टोल प्लाजा के समीप छतरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वाहनों की जांच की गई।
पड़वा एवं रेहला के बीच प्रमुख मार्ग पर विश्रामपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में सघन वाहन जांच एवं एंटी क्राइम चेकिंग की गई।
लेस्लीगंज एवं पांकी क्षेत्र में भी लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।