पलामू के स्थानीय शहर थाना क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चियों के लापता होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीनों बच्चियों को गोपालगंज (बिहार-उतरप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र) से बरामद कर लिया है। बच्चियों के बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है। फिलहाल तीनों पुलिस अभिरक्षा में हैं और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है।
मामले को लेकर बच्चियों में से एक की मां ने शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के अनुसार तीनों बच्चियां 21 सितंबर को घर से निकली थीं और इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को लिखित सूचना दी गई।
नाबालिग बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के संबंध में पलामू पुलिस द्वारा आज जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया गया है कि 22 सितंबर को शहर थाना को सूचना प्राप्त हुई कि 21 सितंबर को तीन नाबालिग बालिकाएं, जिनमें दो चचेरी बहनें एवं एक उनकी सहपाठी है, बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं।इस संबंध में शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देशन में मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया एवं लगातार छापेमारी की जा रही थी। शहर थाना पुलिस के त्वरित प्रयास से 27 सितंबर को तीनों बालिकाओं को गोपालगंज (बिहार–उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र) से सकुशल बरामद कर लिया गया है।
तीनों बालिकाओं से पूछताछ एवं अग्रिम विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्राथमिक जांच में तीनों बच्चियों द्वारा घूमने के उद्देश्य से बिना बताये घर से जाने की बात सामने आई है। अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।