हरिहरगंज, पलामू :राष्ट्रीय नाई महासभा के तत्वावधान में शनिवार को हरिहरगंज में विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को लेकर महासम्मेलन एवं रैली का आयोजन किया गया। इसमें बिहार और झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से महासभा के पदाधिकारियों और समाज के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व बिहार विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) आजाद गांधी तथा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीके ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न स्व. कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद निकाली गई महा रैली ने हरिहरगंज नगर का भ्रमण किया। रैली बिंदा रिसोर्ट पहुंचकर महासम्मेलन में तब्दील हो गई।
महासभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद गांधी ने नाई समाज को अनुसूचित जाति (एससी) श्रेणी में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने बिहार और झारखंड में केश शिल्पी बोर्ड के गठन की मांग करते हुए कहा कि आजादी के करीब 80 वर्ष बाद भी नाई समाज सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। समाज के विकास के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
झारखंड प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीके ठाकुर ने कहा कि नाई समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी आज भी नगण्य है। सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से पिछड़े समाज को मुख्यधारा में लाने के लिए राजनीतिक दलों को आगे आकर उचित प्रतिनिधित्व देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक भागीदारी बढ़ने से ही समाज के विकास का मार्ग मजबूत होगा।
महासम्मेलन की अध्यक्षता झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पलामू जिला अध्यक्ष बचन ठाकुर ने किया। हुसैनाबाद प्रखंड अध्यक्ष, सचिव समेत बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद गांधी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीके ठाकुर का स्वागत किया। हुसैनाबाद से महासम्मेलन में कृष्णा ठाकुर, संतोष ठाकुर, भिखारी ठाकुर, रवि रंजन कुमार, अशोक ठाकुर, शक्ति ठाकुर, दिनेश ठाकुर, राजू कुमार, विजय ठाकुर, विकास ठाकुर, अजीत ठाकुर, दिलीप ठाकुर, राकेश ठाकुर और विश्वनाथ ठाकुर समेत अन्य लोग शामिल हुए।
नाई समाज को एससी श्रेणी में शामिल करने की मांग, हरिहरगंज में महासम्मेलन व रैली