मोहम्मदगंज स्थित कोयल नदी से निकलकर बिहार की ओर जाने वाली उत्तरी कोयल मुख्य नहर से शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव हैदरनगर थाना क्षेत्र में कोसीआरा मुख्य नहर से निकाला गया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से शव को नहर से बाहर निकलवाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया आशंका है कि शव कोयल नदी में हुई किसी घटना के बाद पानी के बहाव के साथ नहर में पहुंचा होगा। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव की पहचान कराने के साथ मामले की जांच में जुटी है।