सभी घरों पर बीएलओ की जानकारी वाले स्टीकर अवश्य लगाएं– के. रवि कुमार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी।

रांची। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार ने कहा है कि विगत गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से मैपिंग एवं वर्तमान मतदाता सूची के एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ एंड डुप्लीकेट की सूची जितनी सुदृढ़ बनेगी उतना ही मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण के क्रम में आसानी आएगी। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ अपने क्षेत्र में आने वाले घरों में अपने जानकारी से संबंधित स्टीकर अवश्य लगाएं जिससे लोगों को मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु आपसे संपर्क करने में आसानी हो सके। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी गुरुवार को रांची के हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण संबंधित चल रहे तैयारियों की भौतिक समीक्षा कर रहे थे।

श्री के. रवि कुमार ने भौतिक समीक्षा के क्रम में बीएलओ द्वारा बनाये गए रजिस्टर की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ रजिस्टर में एक घर में रहने वाले मतदाताओं एवं उनके मुखिया को चिन्हित किया गया है या नहीं साथ ही जिन घरों का पहले से कोई मकान संख्या नहीं हैं वैसे घरों को नोशनल नंबर दिए गए है या नहीं, इसपर विशेष जोर दिया । जिससे एक मकान में रह रहे अथवा एक परिवार के मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र पर मतदान की सुविधा प्राप्त हो।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बीएलओ डोर टू डोर स्टीकर चिपकाने के दौरान वैसे मतदाता जिनका अभी भी विगत गहन पुनरीक्षण के मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हुई है उन्हें चिन्हित करते हुए उनका मैपिंग करने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ एवं डुप्लीकेट की सूची को नियमानुसार तैयार करें एवं इस सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए–2 से अभिप्रमाणित अवश्य करा लें।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने भौतिक निरीक्षण के क्रम में 64-हटिया विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रातू प्रखण्ड अन्तर्गत बिजुलिया ग्राम में मतदान केन्द्र संख्या – 60, 61, 62, 63 एवं 64 का भौतिक निरीक्षण किया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी, राँची, श्री मंजूनाथ भजंत्री, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 64-हटिया, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 64-हटिया, उप निर्वाचन पदाधिकारी, राँची, संबंधित मतदान केन्द्रों के बी॰एल॰ओ॰ एवं बी॰एल॰ओ॰ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed